भारतीय संस्कृति एवं सनातन रीति रिवाज से संजीव सिन्हा ने भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष के रूप में किया विधिवत कार्यभार ग्रहण, पार्टी के वरीय नेताओं के संग जुटे हजारों कार्यकर्ता
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : संजीव सिन्हा ने भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के अध्यक्ष पद पर शुक्रवार को भारतीय संस्कृति एवं सनातन रीति रिवाज से कार्यभार ग्रहण किया। साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा को विधिवत कार्यभार ग्रहण कराया। समारोह में झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी समेत पार्टी के तमाम वरीय नेतागणों के साथ हजारों कार्यकर्ता इस पल के साक्षी बने। निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने संजीव सिन्हा को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अध्यक्षीय कुर्सी पर आसीन कराया तथा लड्डू खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
पुरोहितों ने विधिपूर्वक पूजन कर कराया जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा का कार्यालय प्रवेश, सुधांशु ओझा ने जिलाध्यक्ष की कुर्सी पर संजीव सिन्हा को कराया आसीन।
वहीं, पुरोहितों के द्वारा स्वास्ति वाचन एवं विधिपूर्वक पूजन कर कार्यालय प्रवेश कराया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम और भारत माता की जय से कार्यालय परिसर गुंजायमान रखा।
भाजपा की प्रगति कार्यकर्ताओं के समर्पण और त्याग को दर्शाती है : दिनेशानंद गोस्वामी
इस अवसर पर झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि भाजपा आज जिन ऊंचाइयों पर पहुंची है, वह लाखों कार्यकर्ताओं के समर्पण और अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा के संगठनात्मक योगदान की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि संजीव सिन्हा नए और पुराने सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाएंगे।
लोकतांत्रिक तरीके से संगठनात्मक दायित्वों में परिवर्तन
वहीं, निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि भाजपा में लोकतांत्रिक पद्धति के तहत संगठनात्मक दायित्वों में परिवर्तन होता रहता है। उन्होंने संजीव सिन्हा को कुशल और कर्मठ सिपाही बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनका अध्यक्षीय कार्यकाल संगठन के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायी सिद्ध होगा।
भाजपा में पद नहीं दायित्व की परंपरा है : संजीव सिन्हा
वहीं, जमशेदपुर महानगर के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि भाजपा में पद नहीं बल्कि दायित्व की परंपरा है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूती और विस्तार देने के लिए सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान और हित सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और अनुशासन के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया। संजीव सिन्हा ने शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी के प्रेम और आशीर्वाद के सदैव ऋणी रहेंगे।
