पोटका में गणेश उत्सव की भक्ति में रमे विधायक संजीव सरदार, एक-एक कोने तक पहुंचे, दो दर्जन पूजा पंडालों और आयोजनों में हुए शामिल
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: गणेश चतुर्थी के अवसर पर पोटका विधानसभा क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। इस दौरान पोटका विधायक संजीव सरदार ने क्षेत्र के अलग-अलग पंचायतों और गांवों में पहुंचकर लगभग दो दर्जन गणेश पूजा आयोजनों में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। विधायक ने पोटका के एक-एक कोने तक पहुंचकर पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से मुलाकात की। कहीं उन्होंने पूजा पंडाल का उद्घाटन किया तो कहीं भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया।
हर जगह दिखी विधायक की मौजूदगी

विधायक संजीव सरदार तुरामडीह यूसीआईएल कॉलोनी में तुरामडीह यूथ क्लब, माटकू पंचायत के माघमारा में यंग बॉय क्लब, कालिकापुर पंचायत के पोग्रोसाई में मनसा मंदिर पड़ा तथा कालिकापुर के केवट पाड़ा में यंग बॉयज यूथ क्लब के आयोजन में शामिल हुए। उन्होंने सभी स्थानों पर विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
शंकरदा में 25 वर्षों की आस्था का उत्सव
शंकरदा पंचायत के ऊपरपाड़ा में मिलन संघ द्वारा आयोजित गणेश पूजा के अवसर पर विधायक विशेष रूप से शामिल हुए। इस वर्ष पूजा के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। विधायक ने पूजा समिति को इस विशेष अवसर पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।
कहीं पूजा-अर्चना, कहीं प्रसाद वितरण में हुए शामिल
विधायक ने सुंदरनगर निवासी महावीर महाकुड़ के आवास पर आयोजित प्रसाद वितरण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा रसुनचोपा पंचायत के रसुनचोपा गांव, छोटा हड़ियाँन ग्राम पंचायत, टांगरायन पंचायत के पुतलुपुंग गांव तथा कोवाली पंचायत के कूटसूरी गांव में आयोजित गणेश पूजा कार्यक्रमों में भी शामिल हुए।
श्रद्धालुओं को दी गणेश चतुर्थी की बधाई
हर आयोजन में विधायक ने पूजा समितियों के सदस्यों, श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की तथा सभी को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। पूजा पंडालों में पहुंचने पर स्थानीय लोगों और आयोजकों ने भी विधायक का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने उनके साथ मुलाकात की और पूजा आयोजन को लेकर अपनी बातें साझा कीं।
धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता के मजबूत माध्यम : विधायक
संजीव सरदार ने कहा कि भगवान श्री गणेश बुद्धि, विवेक और मंगल के प्रतीक हैं। गणेश पूजा जैसे धार्मिक आयोजन केवल आस्था से नहीं जुड़े होते, बल्कि समाज के लोगों को एक साथ लाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का भी काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पोटका की यही सामाजिक एकता और सौहार्द क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
छोटा हड़ियान और कूटसूरी में विधायक ने श्रद्धालुओं को अपने हाथों से प्रसाद ग्रहण कराया
छोटा हड़ियान ग्राम पंचायत और कोवाली के कूटसूरी में गणेश पूजा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक संजीव सरदार भी शामिल हुए। इस दौरान पूजा-अर्चना के बाद आयोजित भंडारा एवं प्रसाद वितरण में विधायक ने स्वयं श्रद्धालुओं के बीच जाकर अपने हाथों से भोजन परोसा और लोगों को प्रसाद ग्रहण कराया। विधायक का यह आत्मीय अंदाज देखकर उपस्थित श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने सभी लोगों के साथ मिलकर प्रसाद ग्रहण किया और गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं।
पंडाल-पंडाल पहुंचकर कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं का बढ़ाया उत्साह
गणेश उत्सव के दौरान विधायक का लगातार विभिन्न पूजा स्थलों पर पहुंचना क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा। व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद उन्होंने पंचायत और गांव स्तर पर आयोजित पूजा कार्यक्रमों को समय दिया और आयोजकों का उत्साह बढ़ाया। इससे पूजा समितियों और स्थानीय श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
