विधायक संजीव सरदार ने दर्जनों पूजा पंडालों का किया उद्घाटन
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: दुर्गा पूजा एवं मनसा पूजा के अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार लगातार क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल हुए। जमशेदपुर और पोटका प्रखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित दुर्गोत्सव के दौरान विधायक ने कई भव्य पूजा पंडालों का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की तथा पूजा समितियों एवं श्रद्धालुओं को दुर्गोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
बागबेड़ा क्षेत्र के कई पूजा पंडालों का किया उद्घाटन
विधायक संजीव सरदार ने बागबेड़ा हरहरगुटू काली मंदिर प्रांगण में श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति द्वारा निर्मित भव्य पूजा पंडाल का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद वे बागबेड़ा सिद्धू-कान्हू मैदान पहुंचे, जहां श्री श्री जय मां अम्बे दुर्गा पूजा समिति के पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। यहां झामुमो प्रखंड सचिव जगत मार्डी सहित बंटी चौधरी, राजेश वर्मा, किशन कुशवाहा, बबलू सिंह, सावन प्रसाद और पिंटू तिर्की समेत समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

थाना चौक से टाटानगर रेलवे स्टेशन तक पहुंचे विधायक
इसके बाद विधायक ने बागबेड़ा थाना चौक स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में श्री श्री बोल बम दुर्गा पूजा समिति के पंडाल का उद्घाटन किया। मौके पर ज्योति प्रकाश सिंह, दिनकर शर्मा, मुकेश सिंह और मुन्ना गुप्ता मौजूद रहे। वहीं टाटानगर रेलवे स्टेशन के समीप श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति द्वारा बनाए गए पूजा पंडाल का भी विधायक ने फीता काटकर उद्घाटन किया। यहां शैलेश मिश्रा, गोपाल समुंद्रे, मिलन सिन्हा और अंगद पांडे समेत समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
किताडीह, सुंदरनगर और कालिकापुर में भी लिया मां का आशीर्वाद
विधायक संजीव सरदार ने किताडीह दुर्गा पूजा मैदान में श्री श्री सर्वजनीन दुर्गा पूजा समिति के पंडाल का उद्घाटन किया, जहां संतू भट्टाचार्जी, रविंदर सिंह और इंदर सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। इसके बाद सुंदरनगर में मां विंध्यवासिनी कमेटी की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव के पूजा पंडाल तथा पोटका प्रखंड के कालिकापुर में कालिकापुर सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के पूजा पंडाल का भी फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।
मनसा पूजा के आयोजनों में भी हुए शामिल
दुर्गा पूजा के कार्यक्रमों के साथ विधायक क्षेत्र में आयोजित मां मनसा पूजा के विभिन्न आयोजनों में भी शामिल हुए। पोटका प्रखंड के जोजोडीह में मां मनसा पूजा के अवसर पर आयोजित ‘सुपर डांस धमाका’ कार्यक्रम में पहुंचकर उन्होंने मां मनसा के चरणों में माथा टेका और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इसके अलावा टांगराईन पंचायत में दिलीप सरदार के आवास पर आयोजित मां मनसा पूजा में शामिल होकर आशीर्वाद लिया। वहीं तेतला पंचायत के करवाडीह में श्री श्री मां मनसा पूजा समिति की ओर से आयोजित डांस धमाका कार्यक्रम में विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
पूजा समितियों और क्षेत्रवासियों को दी शुभकामनाएं
विभिन्न आयोजनों के दौरान विधायक संजीव सरदार ने पूजा समितियों के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा और मनसा पूजा हमारी आस्था के साथ सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं के भी प्रतीक हैं। उन्होंने मां दुर्गा एवं मां मनसा से पोटका विधानसभा क्षेत्र के सभी परिवारों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
