ताजा खबरें

भाजपा जमशेदपुर महानगर की जिला स्तरीय सम्मेलन में वीबी जी राम जी योजना की दी गई विस्तृत जानकारी, सांसद विद्युत महतो ने कहा- योजना से बढ़ेगी जवाबदेही और पारदर्शिता, मिलेगी ग्रामीण भारत को मजबूती 

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन- ग्रामीण (वी बी–जी-राम-जी) के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु शनिवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया। जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में बिस्टुपुर स्थित तुलसी भवन में आयोजित सम्मेलन में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो मुख्यवक्ता के रूप में शामिल हुए। वहीं, इस दौरान प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, कार्यक्रम के प्रदेश टोली के सह संयोजक दिनेश कुमार मौजूद रहे। सम्मेलन में स्वागत सह अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि वीबी जी राम जी योजना पर लोगों को गुमराह करने की विपक्ष की साजिश को भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बेनकाब करेंगे और जनता को बताएंगे कि मोदी सरकार की योजनाएं किस प्रकार से उनके जीवन में वास्तविक बदलाव ला रही हैं। यह मिशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

देश की जनता वर्षों से कांग्रेस के भ्रष्टाचार और लूट की शिकार रही: सांसद विद्युत वरण महतो 

विद्युत महतो ने कहा कि देश की जनता वर्षों तक कांग्रेस सरकार की लूट और भ्रष्टाचार का शिकार रही। मनरेगा और पूर्व की जवाहरलाल रोजगार योजना भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई थी। एक ही सड़क का बार-बार निर्माण दिखाकर करोड़ों रुपये डकार लिए गए और गरीब मजदूरों को महीनों तक मजदूरी के लिए तरसाया गया। विद्युत महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार पर करारी चोट की गई है। रोजगार गारंटी कार्ड को बैंक खाते से जोड़कर बिचौलियों और भ्रष्ट अधिकारियों की दुकान बंद कर दी गई। अब पैसा सीधे मजदूर के खाते में जा रहा है, जिससे दलालों की लूट खत्म होगी। उन्होंने कहा कि वी बी जी राम जी योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से मोदी सरकार गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग को वास्तविक लाभ पहुंचा रही है। 6 करोड़ 44 लाख से अधिक कार्यों की जियो टैगिंग कर यह सुनिश्चित किया गया है कि विकास का हर पैसा जमीन पर दिखाई दे, न कि भ्रष्टाचारियों की जेब में जाए।

सांसद विद्युत महतो ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग दशकों तक गरीबों के नाम पर राजनीति करते रहे, वही गरीबों के सबसे बड़े शोषक थे। आज मोदी सरकार पारदर्शी कानून, डिजिटल व्यवस्था और सीधे खाते में भुगतान के माध्यम से जनता के अधिकारों की रक्षा कर रही है।

राम जी के नाम से घबरा रहे हैं कांग्रेसी : दिनेश कुमार

कार्यक्रम के प्रदेश टोली सह संयोजक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने विषय प्रवेश कराते हुए कहा कि ‘जी राम जी’ नाम से कांग्रेसियों के पेट में दर्द हो रहा है, इसलिए वे बौखलाहट में कभी उपायुक्त तो कभी अन्य अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

गांव बढ़ेगा तभी देश बढ़ेगा : अभय सिंह

वहीं, पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि गांव बढ़ेगा तभी शहर और देश बढ़ेगा। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने 600 से अधिक योजनाएं लागू कीं, लेकिन अधिकतर योजनाओं के नाम गांधी परिवार पर रखकर परिवारवाद की राजनीति की। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में किसी योजना का नाम किसी व्यक्ति के नाम पर नहीं रखा गया। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ग्राम सभाओं की योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दे रही है।

सम्मेलन में मंच संचालन जिला महामंत्री अनिल मोदी एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम के जिला संयोजक प्रदीप महतो ने किया।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव नारायण शर्मा, देवेंद्र सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, राजन सिंह, कल्याणी शरण, जटाशंकर पांडेय, रीता मिश्रा, नीरज सिंह, बबुआ सिंह, राजीव सिंह, रेणु शर्मा, पप्पू सिंह, कृष्णा शर्मा काली, ज्ञान प्रकाश, बिनोद सिंह, अखिल सिंह, उज्ज्वल सिंह, मंडलाध्यक्ष प्रशांत पोद्दार, मारुति नंदन पांडेय, आनंद कुमार, अमित मिश्रा, पप्पू उपाध्याय, सुरज कुमार साह, जुगनू वर्मा, हन्नु जैन, रितेश झा, विकास शर्मा, कुमार अभिषेक, रंजीत कुमार सिंह, बापन बनर्जी, युवराज सिंह जुगनू, रंजीत कुमार सिंह, रविन्द्र सिंह, बिनोद राय, अश्विनी तिवारी, हलधर दास, अजीत सिंह, सुदीप कुमार, दीपक पाल, शांतनु मुखर्जी, बासुदेव मंडल, प्रधान महतो, रामप्रसाद जायसवाल, लकी सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This News