Politics

बिहार में सुशासन, झारखंड में सुशासन का अभाव : सरयू राय

श्री दर्पण न्यूज, जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने शनिवार को कहा कि अगर इस साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार की सरकार बनती है तो उसका प्रभाव झारखंड पर भी पड़ेगा और संगठन मजबूत होगा। सरयू राय ने यह भी कहा कि जहां बिहार में कानून व्यवस्था सही है, बिहार का विकास तेजी से हो रहा है, वहीं झारखंड में सुशासन का अभाव है। यहां की ज़मीनी हकीकत को समझें तो भाजपा-जनता दल (यूनाइटेड) गठबंधन सरकार में आ सकती है। बिहार के तर्ज पर झारखंड को बदलना है। झारखंड के अगले विधानसभा चुनाव में एनडीए एक मजबूत स्थिति में होगा। भाजपा और जदयू की ताकत को सही तरीके से सहेजा गया तो यहां भी सुशासन व्यवस्था कायम हो सकती है। बिहार में नीतीश जी की सरकार बनती है तो झारखंड में भी सरकार बदलने की सुगबुगाहट होगी।

झारखंड में भी भाजपा-जदयू गठबंधन सरकार में  आ सकती है
यहां बारीडीह में नीतीश कुमार के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित सुशासन विमर्श में सरयू राय ने कहा कि अब बिहार 2005 वाला नहीं रहा। इन 20 वर्षों में बिहार काफी बदल गया है। फ्लाइओवर्स का जाल बिछ गया है। गांवों में भी अब 22-23 घंटे बिजली रहती है। अपवाद छोड़ दें तो शहरों में पावर कट की समस्या का समाधान हो गया है।

नीतीश कुमार के जन्मदिन पर सुशासन विमर्श का आयोजन

2005 के बाद बिहार की स्थिति बदली। विकास के काम शुरु हुए तो लोगों ने नीतीश कुमार को सुशासन बाबू बोलना शुरू कर दिया। 1995 में लालू यादव की सरकार को भाजपा का भी समर्थन था। कांग्रेस का कुशासन समाप्त हुआ। 1996-97 में लोगों को लगने लगा कि लालू की सरकार नया रास्ता अख्तियार कर रही है। लालू जी ने एमवाई का नया समीकरण बना लिया। नीतीश कुमार ने समता पार्टी बना ली। शुरुआत में कोई बड़ी उपलबिध नही मिली। मेरी पहल पर समता पार्टी और भाजपा का गठबंधन हुआ। बाद में जार्ज फर्नांडिस आए तो पार्टी का नाम बदल कर जनता दल (यूनाइटेड) हुआ। तब से जदयू और भाजपा का गठबंधन है। नीतीश कुमार खुलकर कहते हैं कि भाजपा और जदयू का गठबंधन अटूट है। श्री राय ने कहा कि बिहार में विकास का काम शुरू हुआ है। प्रशासन कड़क है। गांव-गांव में सड़कें बिछ गई हैं। बिहार का वित्तीय संसाधन भी मज़बूत हुआ है।

मानगो नगर निगम चुनाव जदयू मजबूती से लड़ेगा

सरयू राय ने कहा कि झारखंड में 49 नगर पालिकाएं हैं। मानगो नगर निगम चुनाव जदयू मजबूती से लड़ेगा। इस चुनाव में भी सभी को महती भूमिका निभानी होगी। इस मौके पर जदयू के प्रदेश महासचिव संजय ठाकुर, अंजली सिंह, कौशल सिंह, युवा प्रदेश अध्यक्ष निर्मल सिंह, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य विश्राम प्रसाद, पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, अमृता मिश्रा, कुलविंदर सिंह पन्नू, चंद्रशेखर राव सहित अन्य उपस्थित थे।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *