रिम्स में इलाजरत भोंदू की पत्नी को वकीलों ने पचास हजार रुपए सौंपे — सुधीर कुमार पप्पू अधिवक्ता
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : जिला बार एसोसिएशन के कर्मी सुशांत नामता उर्फ भोंदू के परिजनों को वकीलों के प्रतिनिधिमंडल ने पचास हजार रुपए नगद राशि सौंपी। भोंदू तकरीबन 50 वर्षों से सेवा देते हुए हमेशा अधिवक्ताओं की सेवा में तत्पर रहता है तकरीबन दस दिन पहले भोंदू अपने मकान की छत से नीचे गिर गया था और घायल हो गया। सर में चोट लगने से वह कोमा में चला गया और उसका इलाज रिम्स रांची में हो रहा है।
आर्थिक मदद का आग्रह के बाद बात आगे बढ़ी
इसकी जानकारी मिलते ही अधिवक्ता विष्णु कुमार सत्पथी, बीवी सुब्रमण्यम आदि ने पहल की और वकीलों से मिलकर आर्थिक मदद करने का आग्रह किया। आज विष्णु सतपति, बीवी सुब्रमण्यम, सुधीर कुमार पप्पू, राहुल राय, राहुल कुमार, निशांत कुमार, मनोज कुमार कुलविंदर सिंह आदि अधिवक्ता भोंदू के डिमना रोड आदर्श नगर स्थित आवास पहुंचे। पत्नी कल्याणी देवी, बेटी संध्या, अंजू, मंजू, रेखा और गीता तथा बेटे दुलाल नामता से मिले और घटना तथा चल रहे इलाज की जानकारी ली।
भोंदू के परिवार को अधिवक्ताओं ने ढांढस बंधाया
परिवार को ढांढस देने के साथ ही अधिवक्ताओं की टीम ने हर प्रकार से सहयोग करने का आश्वासन दिया और कहा कि इलाज में किसी तरह की कमी एवं कोताही नहीं की जानी चाहिए।
राशि देने के उपरांत विष्णु सतपति ने सभी वकीलों के प्रति आभार जताया है जिन्होंने इलाज के लिए आर्थिक सहयोग दिया है। सुधीर कुमार पप्पू के अनुसार अन्य वकील भी मदद को आगे आ रहे हैं तथा परिवार को अलग से और समय अंतराल पर राशि प्रदान की जाएगी।
