ताजा खबरें

दो माह में जमशेदपुर पुलिस ने 1,634 शिकायतों का किया निष्पादन, 182 कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम आयोजित

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जमशेदपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे प्रयासों का असर आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है। मंगलवार को पुलिस मुख्यालय से जारी जानकारी के अनुसार 1 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जनसमस्याओं के समाधान और सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए।

कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम आयोजित किए गए

पुलिस के अनुसार दो महीने की अवधि में जिले में 182 कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के जरिए पुलिस ने आम लोगों के साथ सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने और आपसी विश्वास को मजबूत करने का प्रयास किया। इस दौरान थाना स्तर पर विभिन्न माध्यमों से कुल 1,883 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1,634 शिकायतों का निष्पादन कर दिया गया।

148 पुलिस पब्लिक बैठक आयोजित की गई

भूमि विवाद से जुड़े मामलों के समाधान के लिए पुलिस की ओर से 148 पुलिस-पब्लिक बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में 108 सुनवाई योग्य मामलों को शामिल कर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई। इसी तरह घरेलू विवाद से संबंधित 661 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 588 मामलों का समाधान किया गया। पुलिस के अनुसार ऐसे मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनकर कानून के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है।

विभिन्न सत्यापन कार्यों में भी पुलिस ने बेहतर प्रदर्शन किया। जॉब वेरिफिकेशन, पासपोर्ट वेरिफिकेशन और चरित्र सत्यापन से संबंधित 7,048 आवेदन मिले, जिनमें से 6,997 का निष्पादन किया गया। यह कुल आवेदनों का करीब 99.3 प्रतिशत है। इसके अलावा मुलाकाती पत्र के माध्यम से प्राप्त 278 मामलों में 204 मामलों पर थाना स्तर से कार्रवाई की गई।

जिले के सभी थाना प्रभारी को सीनियर एसपी ने दिए निर्देश

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने सभी थाना प्रभारियों को जनशिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने और मामलों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पुलिस का कहना है कि जनसमस्याओं के समाधान के साथ पुलिस-पब्लिक विश्वास को मजबूत करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *