सड़क दुर्घटनाओं पर जमशेदपुर पुलिस सजग, तेज रफ्तार और नशे में ड्राइविंग पर विशेष नजर
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी समस्याओं को लेकर जमशेदपुर पुलिस ने शुक्रवार को व्यापक समीक्षा की। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में यातायात डीएसपी नीरज कुमार पाठक समेत यातायात पुलिस के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें शहर की मौजूदा यातायात व्यवस्था, जाम की समस्या, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और यातायात नियमों के अनुपालन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
ट्रैफिक पुलिस को नियमित निगरानी का निर्देश
बैठक में एसएसपी ने प्रमुख जाम वाले स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने और नियमित निगरानी का निर्देश दिया। पीक आवर के दौरान यातायात का दबाव कम करने के लिए जरूरत के अनुसार डायवर्जन और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने को कहा गया। साथ ही खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, तेज रफ्तार, नशे में ड्राइविंग, मोडिफाइड साइलेंसर और अवैध डार्क फिल्म के इस्तेमाल के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
पार्किंग अतिक्रमण करने वाले पर भी होगा मामला दर्ज
सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग और अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होने की स्थिति में संबंधित लोगों और वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। नो-एंट्री व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नियमित अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
आवश्यक सुरक्षा उपाय के निर्देश
अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय, संकेतक और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सीसीटीवी कैमरों, ट्रैफिक लाइट और अन्य तकनीकी माध्यमों से यातायात उल्लंघनों की निगरानी बढ़ाने तथा पुलिस पदाधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर यातायात की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया। दीर्घकालिक सुधार के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाने पर भी जोर दिया गया। पुलिस का उद्देश्य शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था कायम कर आम लोगों को जाम और दुर्घटनाओं से होने वाली परेशानी से राहत दिलाना है।
