ताजा खबरें

निजाम हत्याकांड की साजिश का पुलिस ने किया खुलासा, दो गिरफ्तार

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में मो. निजाम की हत्या की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आजाद खटाल मैदान स्थित झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल किए जाने वाले दो भारी धारदार लोहे के हथियार और एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया है। देसी कट्टा बरामद होने के बाद पुलिस ने हथियार अधिनियम के तहत अलग से प्राथमिकी दर्ज की है। रविवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कांफ्रेंस में पूरे मामले की जानकारी दी।

मोहम्मद निजाम ने अपनी हत्या की साजिश की सूचना दी थी पुलिस को

पुलिस के अनुसार, पहलवानडेरा, जुगसलाई निवासी मो. निजाम ने 19 सितंबर को पुलिस को सूचना दी थी कि घाघीडीह जेल में बंद मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ अपने गिरोह के सदस्यों की मदद से उसकी हत्या कराने की साजिश रच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में जुगसलाई थाना प्रभारी समेत पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की टीम गठित की गई।

निजाम की दो लोगों ने की थी रेकी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मो. आयान बच्चा और अलटु बच्चा ने मो. निजाम की रेकी की थी और भारी धारदार लोहे के हथियार से उसकी हत्या का प्रयास किया था। हालांकि, निजाम किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। इस संबंध में जुगसलाई थाना कांड संख्या 75/2026, 19 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ पूर्व में भी अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ आपराधिक मामले में गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस के मुताबिक, उसे गिरोह के नौ अन्य सदस्यों के साथ दो पिस्टल और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। वर्तमान में वह घाघीडीह जेल में बंद है।

आरोपियों की निशानदेही पर बरामद किया गया पिस्तौल और धारदार हथियार

गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर आजाद खटाल मैदान की झाड़ियों से दो भारी धारदार लोहे के हथियार और एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया। देसी कट्टा मिलने के बाद जुगसलाई थाना कांड संख्या 77/2026, 20 सितंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और हथियार अधिनियम की संबंधित धाराओं में अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब हत्या की कथित साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *