ताजा खबरें

सिख विजडम कोचिंग क्लासेस में उत्साह के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, जमशेदपुर की इकाई सिख विजडम कोचिंग क्लासेस में शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और आभार व्यक्त करते हुए उनके अमूल्य योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में सीजीपीसी के प्रधान सरदार भगवान सिंह, चेयरमैन गुरमीत सिंह, मनजीत कौर, कन्वीनर परविंदर सिंह सोहल, जनरल सेक्रेटरी अमरजीत सिंह, कुलविंदर सिंह पन्नू, सुखदेव सिंह बिट्टू, सुखदेव सिंह एवं चरणजीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सरदार भगवान सिंह ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को शुभकामनाएं दिए

इस अवसर पर सिख विजडम कोचिंग क्लासेस के शिक्षक सिमरन कौर, कवलजीत कौर, तुषार कांति चौधरी, मनप्रीत कौर, निकेश कुमार शर्मा, हरनिश कौर, पंकज कुमार शाह एवं जगनजोत कौर को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं तथा संस्था के प्रति उनके समर्पण एवं योगदान की सराहना की गई।

इस अवसर पर सीजीपीसी के मुख्य सेवक सरदार भगवान सिंह ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, सोच, संस्कार और भविष्य का निर्माण करते हैं। शिक्षक की मेहनत की वास्तविक सफलता तब दिखाई देती है, जब उनका विद्यार्थी जीवन में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करता है।

बेहतर अंक लाकर विद्यार्थियों ने स्कूल का मान बढ़ाया

सरदार भगवान सिंह ने कहा कि सिख विजडम के विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं में 94.5 प्रतिशत तक अंक प्राप्त कर संस्था, अपने माता-पिता और शिक्षकों का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों के समर्पण, मार्गदर्शन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

विद्यार्थियों की सफलता में निहित है शिक्षकों की सफलता

उन्होंने शिक्षकों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि एक शिक्षक की सबसे बड़ी सफलता उसके विद्यार्थी की सफलता होती है। आज जिन बच्चों को शिक्षक ज्ञान और संस्कार दे रहे हैं, वही बच्चे आने वाले समय में डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी, सैन्य अधिकारी, वैज्ञानिक और समाज के जिम्मेदार नागरिक बनकर देश एवं समाज की सेवा करेंगे।

उन्होंने कहा कि सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। सिख विजडम कोचिंग क्लासेस इसी सेवा भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराना है।

विद्यार्थियों में उत्साह दिखा

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच बेहद आत्मीय, उत्साहपूर्ण और भावनात्मक वातावरण देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

अंत में सभी शिक्षकों की मेहनत, समर्पण और सेवाभाव की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *