ताजा खबरेंधर्म

पोटका में सरस्वती पूजा की धूम, विधायक संजीव सरदार ने दर्जन भर पंडालों का किया उद्घाटन

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : पोटका विधानसभा क्षेत्र में सरस्वती पूजा का पर्व इस वर्ष विशेष उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। पोटका के विधायक संजीव सरदार ने शुक्रवार को जमशेदपुर और पोटका प्रखंड के विभिन्न पंचायतों व गांवों में आयोजित दर्जनभर से अधिक सरस्वती पूजा पंडालों का फीता काटकर उद्घाटन किया और मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूर्वी घाघीडीह पंचायत के बेड़ादीपा स्थित सेवन स्टार क्लब, ज्ञान केंद्र लाइब्रेरी एवं कोचिंग सेंटर, आसानबनी पंचायत के आसानबनी गांव, जुड़ी पंचायत के दुर्गा मंदिर परिसर सहित कई स्थानों पर उन्होंने पूजा पंडालों का उद्घाटन किया।

सरस्वती पूजा ज्ञान और संस्कार का पर्व : संजीव सरदार

मौके पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मां सरस्वती विद्या, बुद्धि, संगीत और कला की देवी हैं। सरस्वती पूजा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति और संस्कारों का पर्व है। इस दिन की पूजा से अज्ञान दूर होता है और शिक्षा व रचनात्मक क्षेत्रों में सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए और ज्ञान को ही अपना सबसे बड़ा हथियार बनाना चाहिए, क्योंकि शिक्षा से ही समाज और क्षेत्र का विकास संभव है।

नेताजी की जयंती पर रक्तदान शिविर में भी हुए शामिल

इसी क्रम में विधायक संजीव सरदार परसुडीह-हालुदबनी में सेवा ही लक्ष्य संस्था द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर आयोजित एकदिवसीय रक्तदान शिविर में भी शामिल हुए। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और यह जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। उन्होंने युवाओं से आगे बढ़कर ऐसे सामाजिक कार्यों में भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर जगत मार्डी, तरुण सरद्वार, अनुपम मंडल, मनोज नाहा आदि मौजूद रहे.

Share This News