शिवपूजन सिंह के निधन से सामाजिक एवं साहित्यिक जगत को अपूरणीय क्षति : विकास सिंह
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: वरिष्ठ नागरिक संघ जमशेदपुर एवं गांधी घाट के संयोजक शिवपूजन सिंह के निधन से शहर के सामाजिक और साहित्यिक जगत में शोक की लहर है। उनके निधन पर ब्रह्मर्षि विकास मंच, जमशेदपुर के संरक्षक, केके बिल्डर के निदेशक एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के पैट्रन विकास सिंह ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।
विकास सिंह ने कहा कि शिवपूजन सिंह के निधन से सामाजिक एवं साहित्यिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। वे मेरे अभिभावक के साथ-साथ मार्गदर्शक भी थे।
उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के हितों की लड़ाई को मजबूती देने के उद्देश्य से गांधी घाट को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जब भी शहर में किसी आपदा या संकट की स्थिति आई, वे हर संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे।
आपदा राहत कार्यों तक सदैव रहे सक्रिय
उन्होंने कहा कि शिवपूजन सिंह पूर्व सैनिकों और शहीदों के सम्मान से जुड़े कार्यक्रमों के साथ-साथ योग एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। कैंसर के उपचार में जड़ी-बूटियों के उपयोग को लेकर भी उन्होंने जमशेदपुर में सबसे पहले पहल शुरू की थी। शहर में कोई सामाजिक, साहित्यिक या सांस्कृतिक कार्यक्रम हो और उसमें शिवपूजन सिंह की भागीदारी न हो, ऐसा शायद ही कभी हुआ हो। लगभग हर आयोजन में उनकी सक्रिय उपस्थिति रहती थी।
विकास सिंह ने कहा कि शिवपूजन सिंह की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि उनमें सच को सच और गलत को गलत कहने का साहस था। पुलिस विभाग के लिए भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्य किए और सामाजिक सरोकारों के प्रति हमेशा समर्पित रहे।
रेड क्रॉस के कार्यक्रम में हमेशा रहे सक्रिय
उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी के सभी कार्यक्रमों में शिवपूजन सिंह की सक्रिय भूमिका रहती थी। चाहे रक्तदान शिविर हो, नेत्र जांच शिविर हो या टीबी जागरूकता अभियान, वे हर कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। समाजसेवा के प्रति उनका समर्पण और सहयोग हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि शिवपूजन सिंह के साथ उनका और उनके परिवार का वर्षों पुराना व्यक्तिगत संबंध था। उनका निधन मेरे लिए केवल सामाजिक क्षति नहीं, बल्कि एक गहरी व्यक्तिगत क्षति भी है। उनके जाने से जो खालीपन पैदा हुआ है, उसकी भरपाई करना कठिन है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
