ताजा खबरें

टाटा मोटर्स कर्मियों के लिए ‘तिहरे उत्सव’ का तोहफा, वेतन समझौते के बाद टाटा मोटर्स कर्मियों ने जश्न मनाया

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: टाटा मोटर्स के कर्मचारियों के लिए इस बार की चैत्र नवरात्र, नववर्ष और ईद की खुशियां दोगुनी हो गई हैं। गुरुवार को दिन टाटा मोटर्स कर्मियों के खुशी का ठिकाना नहीं रहा जब

प्रबंधन, यूनियन और श्रम विभाग के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में बहुप्रतीक्षित वेतन समझौते पर मुहर लगी। समझौते की खबर मिलते ही पूरी कंपनी और शहर के मजदूर तबके में खुशी की लहर दौड़ गई।

प्रबंधन और यूनियन आए साथ

यह समझौता केवल एक आधिकारिक औपचारिकता नहीं, बल्कि आपसी विश्वास की जीत रही। डीएलसी (DLC) अरविंद कुमार की उपस्थिति में हुए इस समझौते में प्रबंधन की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीएचआरओ सीताराम कांडी, वीपीओ विशाल बादशाह और प्लांट हेड अनुराग छारिया जैसे दिग्गज शामिल हुए। वहीं, यूनियन का नेतृत्व अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह ने पूरी मजबूती के साथ किया।

होली और दिवाली एक साथ

दोपहर 3 बजे जैसे ही समझौते पर हस्ताक्षर हुए, कंपनी का मुख्य गेट किसी उत्सव के मैदान में तब्दील हो गया। जब अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह और सलाहकार प्रवीण सिंह बाहर निकले, तो हजारों मजदूरों ने उन्हें पलकों पर बिठा लिया। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के बीच एक विशाल जुलूस निकाला गया। कर्मचारी डीजे की धुन पर थिरकते हुए और जमकर आतिशबाजी करते हुए यूनियन कार्यालय पहुंचे। ऐसा लगा मानो जमशेदपुर में होली और दिवाली एक ही दिन मनाई जा रही हो।

किसने क्या कहा

शाम 5:30 बजे यूनियन कार्यालय में नेताओं का भव्य स्वागत हुआ, जिसके बाद उन्होंने इस समझौते की बारीकियों और इसकी सफलता पर प्रकाश डाला। टाटा मोटर्स यूनियन के महासचिव आरके सिंह ने कहा कि आज मजदूर के आवाज की जीत हुई है।

उन्होंने कहा मजदूरों के बीच से जो भी सुझाव आए, हमने उन्हें पूरी संजीदगी से प्रबंधन के सामने रखा। आज टाटा मोटर्स के कर्मचारियों का सबसे बड़ा ‘ग्रोथ’ हुआ है। यह एक ऐतिहासिक समझौता है जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।

काम का सही दाम

सलाहकार प्रवीण सिंह ने कहा कि यह यूनियन जानती है कि काम कैसे किया जाता है और अपने पसीने का सही दाम कैसे लिया जाता है। कर्मचारियों ने जो भरोसा हम पर जताया, आज उसका नतीजा सबके सामने है।

एक ग्रेड, एक पहचान

टाटा मोटर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि तीन महीने के कड़े मंथन के बाद आज हमें यह बड़ी सफलता मिली है। अब कोई ऊंच-नीच नहीं रही। सब एक हो गए हैं और सबको एक ग्रेड के तहत लाया गया है। यह हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।

यह वेतन समझौता टाटा मोटर्स जमशेदपुर के औद्योगिक संबंधों में एक नया अध्याय शुरू करने वाला है, जो कर्मचारियों के आर्थिक सशक्तिकरण और एकता का प्रतीक है।

Share This News