ताजा खबरें

पोटका प्रखंड मुख्यालय और जमशेदपुर प्रखंड के करनडीह में छात्र-छात्राओं के बीच बांटी गई साइकिलें, विधायक ने कहा- शिक्षा की राह को सुगम बना रही सरकार

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की महत्वाकांक्षी ‘उन्नति का पहिया योजना’ के तहत सोमवार को पोटका प्रखंड मुख्यालय एवं जमशेदपुर प्रखंड के एसएस स्कूल, करनडीह में छात्र-छात्राओं के बीच नि:शुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। दोनों कार्यक्रमों में पोटका विधायक संजीव सरदार ने छात्र-छात्राओं को साइकिल प्रदान कर योजना का विधिवत शुभारंभ किया। योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में पोटका प्रखंड के कक्षा आठ के 2,338 और जमशेदपुर प्रखंड के अंदर 1940 छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा। वहीं, जमशेदपुर प्रखंड के पात्र विद्यालयों में भी शीघ्र साइकिलों का वितरण कर विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा।

दूरदराज के विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में होगी सुविधा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘उन्नति का पहिया’ योजना राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में साइकिल से काफी सुविधा मिलेगी और उनकी स्कूल तक नियमित पहुंच सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास का सबसे मजबूत आधार है और यह योजना विद्यार्थियों की शिक्षा यात्रा को सरल, सुरक्षित एवं सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

‘ग्रामीण बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाना सरकार की प्राथमिकता’ – विधायक

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सोच है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर और उच्च शिक्षा का अवसर मिले। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार शिक्षा से जुड़ी कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर मन लगाकर पढ़ाई करने, उच्च शिक्षा प्राप्त करने तथा अपने परिवार, क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पोटका प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा, अंचलाधिकारी निकिता बाला, पंचायत राज पदाधिकारी मनोज सिन्हा, बीपीओ जयश्री बोइपाई, पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, झामुमो नेता सुनील महतो, हितेश भगत, चक्रधर महतो, बीरेन पात्र सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं करनडीह कार्यक्रम में पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कु, प्रखंड सचिव जगत मार्डी, शंकर हेंब्रम, मुखिया सरस्वती टुडू, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण, प्रखंड विकास पदाधिकारी, समेत दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

Share This News