ताजा खबरें

गोलमुरी केनरा बैंक की शाखा से 33 करोड़ के सोना लूटकांड में पटना, समस्तीपुर और रानीगंज के अपराधी शामिल, तीन की तस्वीर जारी

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: गोलमुरी केनरा बैंक में 24 सितंबर को हुई सोना और नगद समेत करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने कांड में संलिप्त अपराधियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस जांच में सामने बात आयी है कि इस वारदात में बिहार के पटना और समस्तीपुर तथा पश्चिम बंगाल के रानीगंज से जुड़े शातिर अपराधी शामिल थे। पुलिस ने तीन अपराधियों की नई और स्पष्ट तस्वीरें जारी की हैं। इन तीनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने **प्रत्येक आरोपी पर दो-दो लाख रुपये का इनाम** घोषित किया है।

24 सितंबर को दिनदहाड़े हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर बैंककर्मियों को बंधक बनाया और कुछ ही मिनटों में करीब 23 किलोग्राम सोना तथा 43 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। लूटे गए सोने की अनुमानित कीमत करीब 33 करोड़ रुपये बताई गई है। वारदात के बाद से ही जमशेदपुर पुलिस की कई टीमें अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए बिहार, पश्चिम बंगाल समेत अन्य संभावित ठिकानों पर ऑपरेशन छापेमारी अभियान चला रही है।

पुलिस ने किया अपराधियों की पहचान का दावा

जांच के दौरान पुलिस ने जिन तीन फरार आरोपियों की पहचान की है, उनमें समस्तीपुर के चैता निवासी प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार, पटना के गोसाईं गांव निवासी अक्षय कुमार उर्फ साका और पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी अमन सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इन तीनों की नई तस्वीरें इसलिए जारी की हैं, ताकि आम लोगों की मदद से उनके संभावित ठिकाने का पता लगाया जा सके और उनकी गिरफ्तारी संभव हो सके।

अपराधी लगातार बदल रहे हैं अपना ठिकाना

पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी वारदात के बाद लगातार अपना ठिकाना बदल रहे हैं। मामले में शामिल अन्य फरार अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। गोलमुरी थाना में इस संबंध में कांड संख्या 103/26 दर्ज है। प्राथमिकी बीएनएस की धारा 310(2), 311 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत दर्ज की गई है।

आम लोगों से अपील

जमशेदपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जारी तस्वीरों में दिखने वाले अपराधियों के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखने का भरोसा दिया है। तीनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए **प्रत्येक पर दो लाख रुपये, यानी कुल छह लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *