ताजा खबरें

प्रधानमंत्री ने माताजी का हालचाल पूछकर भावुक कर दिया : अर्जुन मुंडा

पैरा-खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में प्रधानमंत्री की आत्मीयता के लिए जताया आभार; भारतीय तीरंदाजों की ऐतिहासिक उपलब्धि को सराहा

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अर्जुन मुंडा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा उनकी माताजी के स्वास्थ्य के बारे में आत्मीयता से पूछने पर आभार व्यक्त किया। श्री मुंडा आज नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी खेल परिसर के के. डी. जाधव हॉल में एशियाई पैरा खेल 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के साथ प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

श्री मुंडा ने कहा, “कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री जी ने मेरी माँ के स्वास्थ्य के बारे में पूछा और उनका हालचाल जाना। उनका यह व्यक्तिगत स्नेह और संवेदनशीलता मेरे लिए अत्यंत भावुक एवं अविस्मरणीय क्षण रहा। इस आत्मीयता के लिए मैं प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।

पारिवारिक सरोकार में प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता को दर्शित किया

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के साथ व्यक्तिगत और पारिवारिक सरोकारों के प्रति प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता उनके सहृदय व्यक्तित्व को दर्शाती है।

भारतीय पैरा-खिलाड़ियों को बधाई देते हुए श्री मुंडा ने कहा कि एशियाई पैरा खेल 2026 में भारत ने 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य सहित कुल 114 पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया है। खिलाड़ियों द्वारा बनाए गए 5 नए विश्व रिकॉर्ड और 9 एशियाई रिकॉर्ड उनके अदम्य साहस, कठिन परिश्रम और समर्पण का प्रमाण हैं।

भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने तीरंदाजों के प्रदर्शन पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारतीय तीरंदाजी टीम ने 3 स्वर्ण और 3 रजत पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। एशियाई पैरा खेलों के किसी एक संस्करण में तीरंदाजी में भारत का यह अब तक का सर्वाधिक स्वर्ण पदक जीतने का रिकॉर्ड है। यह सफलता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी दल के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

अर्जुन मुंडा ने महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियां को सराहा

श्री मुंडा ने भारतीय दल की महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों को भी सराहा। उन्होंने कहा कि दल में शामिल 56 महिला खिलाड़ियों में से 34 का पदक जीतना देश की बेटियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का प्रेरक उदाहरण है।

पारा खेलों को प्रोत्साहित करना संकल्प को मजबूत करता है

उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से देश में पैरा-खेलों को प्रोत्साहित करने का संकल्प और मजबूत हुआ है। बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक सुविधाएँ और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराकर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सफलता की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

श्री मुंडा ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी सदस्यों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *