ताजा खबरें

वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली ऐतिहासिक रूप से सफल : प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी 

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राकेश तिवारी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली को ऐतिहासिक एवं पूर्ण रूप से सफल करार देते हुए कहा कि इस महारैली ने देशभर में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए चल रहे आंदोलन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान की है। राज्य भर से हजारों कार्यकर्ताओं ने इस महा रैली में भाग लिया और रैली को सफल बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाई।

राज्यों, जिलों, प्रखंड एवं पंचायत स्तर से लाखों कार्यकर्ताओं ने रैली में लिया भाग

राकेश तिवारी ने कहा कि देश के सभी राज्यों, जिलों, प्रखंडों एवं पंचायत स्तर से कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, जिम्मेदार एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ-साथ इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में इस महारैली में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। इस महारैली के माध्यम से पूरे देश ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने, उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने, गिरफ्तारी एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को पुरजोर समर्थन दिया।

राकेश तिवारी ने वोट चोरी के गंभीर आरोपों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों ने देशभर में लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर एक गंभीर बहस को जन्म दिया है। कांग्रेस पार्टी का मानना है कि यदि 2024 के लोकसभा चुनाव में अनियमितताओं के आरोप जांच में प्रमाणित होते हैं, तो चुनाव परिणामों की वैधता पर उचित संवैधानिक एवं कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए तथा आवश्यकता पड़ने पर पुनः चुनाव कराया जाना चाहिए।

रैली में शिष्टाचार और अनुशासन के साथ-साथ राजनीतिक मर्यादा भी दिखी

महारैली के दौरान कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने अपने अनुशासन, शिष्टाचार और राजनीतिक मर्यादा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। दिल्ली में लाखों की संख्या में जुटे लोगों के बावजूद शांति एवं सौहार्द बनाए रखना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखते हैं। भाजपा द्वारा कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन पर लगाए जाने वाले अराजकता के आरोपों का कार्यकर्ताओं ने अपने आचरण से करारा जवाब दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ता देशभक्त हैं और संविधान, लोकतंत्र तथा राष्ट्रीय एकता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।

कांग्रेस की लोकप्रियता का आधार जमीन से जुड़े लोग: राकेश तिवारी

श्री तिवारी ने कहा कि इस महारैली में देशभर से दस लाख से अधिक लोगों का शामिल होना यह दर्शाता है कि कांग्रेस की लोकप्रियता का आधार गरीब और जमीन से जुड़ी जनता हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं संबित पात्रा, जे.पी. नड्डा एवं रविशंकर प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा कि इतनी विशाल और सफल महारैली को असफल बताने का प्रयास उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाता है। कांग्रेस पार्टी की ओर से व्यंग्यात्मक रूप से यह सुझाव दिया गया कि यदि इन नेताओं को इतनी बड़ी रैली की सफलता दिखाई नहीं दे रही है, तो उन्हें झारखंड लाकर निःशुल्क मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराया जाए, ताकि राजनीति में सच और झूठ के बीच का अंतर उन्हें स्पष्ट दिखाई दे सके।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *