अगर पुलिस एसोसिएशन नहीं माना तो विधायक जयराम महतो के पक्ष में सड़क पर उतरेगी राज्य की जनता, होगा झारखंड बंद का आह्वान : पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : विधायक जयराम महतो और थाना प्रभारी बरवाअड्डा थाना के बीच हुए विवाद के मामले में आज पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि अगर झारखंड पुलिस एसोसिएशन आंदोलन करता है तो जनता जयराम महतो के पक्ष में सड़क पर उतरेगी। झारखंड बंद का आह्वान किया जाएगा । एक विधायक की गरिमा का सवाल है। अगर थाना में बंद किसी निर्दोष के बारे में जानने के लिए विधायक थाना जाता है । पुलिस उसके साथ दुर्व्यवहार करती है, तो यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए । पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो आज दोपहर अपने आवास पर पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। प्रेस वार्ता में पूर्व सांसद की पत्नी जो पूर्व सांसद भी रह चुकी हैं, आभा महतो भी मौजूद थी।
राज्य सरकार और उनके विधायक मुकदर्शक बने
शैलेंद्र महतो ने कहा कि मामला इतना आगे बढ़ गया है। अखबारों खबरें छप रही है। न्यूज़ चैनलों में समाचार चल रहा है, लेकिन राज्य सरकार के मुखिया के कान पर जूते तक नहीं रेंग रहा है। सरकार से जुड़े सभी विधायक मुख दर्शक बने हैं। विधानसभा अध्यक्ष मौन है। शायद सरकार के मुखिया हेमंत सोरेन को इस बात का भान नहीं है कि उनके पिता व दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ झारखंड आंदोलन के दौरान पुलिस क्या करती थी। उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा जाता था। शैलेंद्र महतो ने उन दिनों को याद करते हुए कहा कि वे खुद भी पुलिस ज्यादतियों का गवाह है। सीतारामडेरा थाना में झारखंड आंदोलनकारी प्रमोद लाल, वे स्वंय ( शैलेंद्र महतो), रामदास सोरेन और दुलाल भुईयां को पुलिस ने उल्टा लटका कर बड़ी बेरहमी से पीटा था । पुलिस की करतूत सारे लोग जानते हैं। आम लोगों के साथ थाने पर कैसा व्यवहार किया जाता है यह किसी से छुपा नहीं है। पुलिस ने विधायक जयराम महतो के खिलाफ गलत आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज किया है जो बिल्कुल ही बेतुका है।
राज्य में अराजक स्थिति : पूर्व सांसद
पुलिस जय राम महतो के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन करेगी। ऐसे में झारखंड की जनता चुप नहीं रहेगी। जय राम महतो के पक्ष में झारखंड बंद का आह्वान किया जाएगा।
शैलेंद्र महतो ने कहा की झारखंड के लिए यह मामला विधायिका और कार्यपालिका के बीच का है। समय रहते राज्य सरकार ने अगर ईश्वर ध्यान नहीं दिया तो भविष्य में राज्य में अराजकता की स्थिति पैदा हो सकती है।
विधायक से पुलिस माफी मंगवाने पर तुली
उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि भारत में 28 राज्य और आठ केंद्र शासित प्रदेश हैं। ऐसा लगता है कि भारत के इतिहास में पहली बार आजादी के 80 साल बाद झारखंड के एक विधायक जयराम महतो से राज्य की पुलिस माफी मंगवाना चाहती है। या फिर उन्हें गिरफ्तार करना चाहती है। पुलिस एसोसिएशन विधायक के खिलाफ बरवाअड्डा थाना में घुसकर सरकारी काम में बाधा पहुंचाना, थाना प्रभारी के साथ गाली गलोज करना और कई तरह के आरोप लगा रहा है। यह सभी आप तथ्यहीन और निरर्थक हैं।
लोकतंत्र के लिए अच्छे संकेत नहीं
पूर्व सांसद ने कहा कि पुलिस एसोसिएशन ने राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। जिसमें 8 सितंबर से लेकर 10 अक्टूबर तक आंदोलन की रूपरेखा तय किया गया है। पुलिस का यह कदम सभी विधायकों के लिए एक चुनौती है, जो लोकतंत्र के लिए खतरा है । शैलेंद्र महतो ने कहा की आज राज्य का माहौल पूरी तरह से अनियंत्रण और अलोकतांत्रिक है।
