टाटानगर से जयपुर के लिए रेल संपर्क को मिला नया विस्तार, सांतरागाछी- टाटानगर- खातीपुरा एक्सप्रेस का शुभारंभ
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आज सांतरागाछी–टाटानगर-खातीपुरा एक्सप्रेस की नई रेल सेवा के शुभारंभ के अवसर पर समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारत सरकार के माननीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से इस नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सांतरागाछी रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में पश्चिम बंगाल के माननीय मुख्यमंत्री श्री सुवेंदु अधिकारी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे तथा रेलवे की ओर से , दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (GM/SER) श्री अनिल कुमार जैन सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी समारोह में शामिल हुए।
चार राज्यों के बीच रेल सेवा हुई सुदृढ़

यह नई रेल सेवा पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान के बीच रेल संपर्क को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा तथा विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन को और अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।
गणमान्य लोग रहे उपस्थित
शुभारंभ समारोह में विद्युत बरन महतो, सांसद (लोकसभा), जमशेदपुर, सरयू राय, विधायक, जमशेदपुर पश्चिम; तथा पूर्णिमा साहू, विधायक, जमशेदपुर पूर्व उपस्थित रहे। रेलवे की ओर से तरुण हुरिया, मंडल रेल प्रबंधक, चक्रधरपुर मंडल सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी समारोह में शामिल हुए।
टाटानगर रेलवे स्टेशन महत्वपूर्ण ठहराव होगा
इस नई रेल सेवा में टाटानगर रेलवे स्टेशन का महत्वपूर्ण ठहराव निर्धारित किया गया है, जिससे जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राजस्थान की ओर यात्रा करने के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। जयपुर शहर से लगभग 17 किलोमीटर दूर स्थित खातीपुरा रेलवे स्टेशन तक रेल सेवा के विस्तार से जयपुर क्षेत्र तक यात्रियों की पहुंच भी सुगम होगी।
इस ट्रेन के प्रमुख ठहरावों में खड़गपुर, टाटानगर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड, प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, आगरा फोर्ट एवं बांदीकुई सहित अन्य स्टेशन शामिल हैं।
विकल्प के साथ-साथ सामाजिक सांस्कृतिक संबंधों को मिलेगा प्रोत्साहन
इस नई रेल सेवा से न केवल यात्रियों को आवागमन के अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे, बल्कि विभिन्न राज्यों के बीच पर्यटन, व्यापार एवं सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। यह सेवा क्षेत्रीय रेल संपर्क के विस्तार और यात्रियों की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
दक्षिण पूर्व रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने तथा रेल संपर्क के निरंतर विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
