पोटका में खेल, संस्कृति- सामाजिक सौहार्द का संगम, विधायक संजीव सरदार बने हर मंच की शान
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : पोटका विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को खेल, संस्कृति और परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिला। पोटका प्रखंड के बड़ा बान्दुआ गांव में श्री श्री सरस्वती पूजा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ विधायक संजीव सरदार ने किया। विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि अनुशासन और टीम भावना भी सिखाता है।
“खेल और संस्कृति समाज को जोड़ने का काम करते हैं” : संजीव सरदार

मौके पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां समाज के समग्र विकास का मजबूत आधार हैं। इससे युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा आती है और वे नशा व गलत रास्तों से दूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देना जरूरी है, ताकि छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच मिल सके और पोटका क्षेत्र की पहचान राज्य स्तर पर बने।
माटकु पंचायत के बाड़ेडीह गांव में 41वें वार्षिक खेलकूद समारोह में भी पहुंचे विधायक
इसी क्रम में विधायक संजीव सरदार माटकु पंचायत के बाड़ेडीह गांव में किसान स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित 41वें वार्षिक खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर झामुमो पोटका प्रखंड कमेटी, माटकु पंचायत कमेटी, माझी बाबा, नायके बाबा, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
बासीभात कार्यक्रम में शामिल होकर निभाई सामाजिक परंपरा
इसके अलावा विधायक संजीव सरदार मटकु पंचायत के पिछली गांव में सरस्वती पूजा के बाद आयोजित पारंपरिक बासीभात कार्यक्रम में विष्णु मंडल के आवास पहुंचे और परिवारजनों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत होती है।
