सामाजिक कार्यकर्ता टप्पू खिरवाल के श्राद्ध कर्म में पहुंचे पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, टप्पू की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : जुगसलाई के सुप्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता और व्यवसायी उमेश प्रसाद खिरवाल (उर्फ टप्पू) का श्राद्ध कर्म शुक्रवार को डिकोस्टर रोड स्थित उनके निवास पर संपन्न हुआ। इस शोकपूर्ण घड़ी में शहर की कई गणमान्य विभूतियों ने शिरकत कर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने स्वर्गीय टप्पू की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उनके साथ वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू, सेवानिवृत्त लोक अभियोजक सुशील जायसवाल, अधिवक्ता कुलविंदर सिंह, आचार्य राजेश पाठक, वरिष्ठ पत्रकार रामकंडेय मिश्र और फोटो जर्नलिस्ट प्रताप सिंह समेत कई हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और टप्पू की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर टप्पू जी के व्यक्तित्व को याद किया।

हर कदम पर साथ खड़ा रहेगा यह भाई — बन्ना गुप्ता
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। उन्होंने टप्पू जी की धर्मपत्नी को ढांढस बंधाते हुए भावुक स्वर में कहा:
दुःख की इस घड़ी में आप अकेले नहीं हैं। जब भी जरूरत पड़ेगी, यह भाई आपके लिए हमेशा ढाल बनकर खड़ा रहेगा। मंत्री जी ने उनके पुत्र शुभम को भी आशीर्वाद दिया और भविष्य में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
एक नेक दिल इंसान का सफर
उल्लेखनीय है कि उमेश खिरवाल (टप्पू) पिछले कुछ समय से हृदय रोग से जूझ रहे थे। बेंगलुरु में हार्ट ऑपरेशन के पश्चात 6 अप्रैल, 2026 को उन्होंने अंतिम सांस ली। टप्पू जी न केवल एक सफल व्यवसायी थे, बल्कि जनहित के कार्यों में उनकी गहरी रुचि थी।
धार्मिक और आध्यात्मिक विचारों वाले व्यक्ति
आध्यात्मिक विचारों के धनी टप्पू जी जगतगुरु शंकराचार्य के अनन्य शिष्य थे। अपने मिलनसार और परोपकारी स्वभाव के कारण वे पूरे क्षेत्र में लोकप्रिय थे। उनके निधन से जमशेदपुर के सामाजिक क्षेत्र में जो शून्यता आई है, उसे भर पाना कठिन है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
