स्वतंत्रता दिवस पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने किया ध्वजारोहण, वीर शहीदों को किया नमन
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर साकची बारीडीह टेम्पो स्टैण्ड,साकची गोलमुरी टेम्पो स्टैण्ड,साकची डिमना टेम्पो स्टैण्ड,साकची सरकार बिल्डिंग के सामने पेट्रोल पंप,मानगो सिमस हॉस्पिटल, मानगो जवाहर नगर रोड नंबर 8 कांग्रेस कार्यालय, मानगो आजाद नगर रोड न०14,मानगो कोहिनूर टावर, ओल्ड पुरुलिया रोड,मानगो क्रॉस रोड न० 12, जाकिरनगर के समीप आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी।
देश का गौरवशाली इतिहास शहीदों के नाम
इस अवसर पर उन्होंने देश की आजादी के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।अपने संबोधन में श्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य वीर सपूतों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। आज हम उन्हीं के त्याग और बलिदान के कारण स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं और खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें और देश पर कभी कोई आंच न आने दें।
स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई
पूर्व मंत्री ने राज्यवासियों एवं जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां भारती के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी वीर सपूतों को शत-शत नमन है। देश की आजादी की लड़ाई में अनेक सूफी-संतों, महापुरुषों, क्रांतिकारियों एवं देशभक्तों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उनकी कुर्बानियों और संघर्षों के परिणामस्वरूप ही आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं।उन्होंने झारखंड के वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, शहीद तिलका मांझी सहित झारखंड के अनेक वीरों और वीरांगनाओं ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया तथा देश की खातिर अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
बलिदानियों का इतिहास सदैव प्रेरणादाई रहेगा : बन्ना गुप्ता
झारखंड की धरती पर हुए इन आंदोलनों और बलिदानों का इतिहास देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।श्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं,बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है। हमें वीर शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए आपसी भाईचारे, प्रेम, एकता और सद्भाव को मजबूत करते हुए राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए।
अंत में उन्होंने सभी स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता, शांति और समृद्धि की कामना की।
