ताजा खबरें

बाल विवाह के खिलाफ निर्णायक जंग: पीएलवी को बताया ‘डीएलएसए का असली सैनिक’, नाबालिगों की सगाई भी अब अपराध की श्रेणी में

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: बचपन छीनने वाली सामाजिक कुरीति ‘बाल विवाह’ को जड़ से हटाने की जरुरत है। नालसा, झालसा और डालसा ने इसके लिए कमर कस ली है। शुक्रवार को सिविल कोर्ट के लोक अदालत कक्ष में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत पैरा लीगल वॉलिंटियर्स (पीएलवी) के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन न्यायिक दंडाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, चीफ एलएडीसी विदेश सिन्हा, डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार श्रीवास्तव और असिस्टेंट एलएडीसी अभिनव श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रतिकूल परिस्थितियों में भी न डिगे हौसला: धर्मेंद्र कुमार

कार्यशाला को संबोधित करते हुए न्यायिक दंडाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने पीएलवी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और उनकी तुलना ‘डीएलएसए (DLSA) के सैनिकों’ के रुप में की। उन्होंने कहा कि शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण इलाकों तक न्याय की रोशनी पहुँचाने में पीएलवी की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा, “फील्ड में काम करते समय कई बार प्रतिकूल परिस्थितियां आती हैं और अपेक्षित सहयोग नहीं मिलता, लेकिन ऐसे समय में धैर्य न खोएं और अपना मनोबल ऊंचा रखें। बाल विवाह की जड़ें समाज में काफी गहरी हैं, जिसे लंबे और निरंतर संघर्ष से ही खत्म किया जा सकता है।”

सख्त कानून और सजा का प्रावधान 

एलएडीसी प्रीति मुर्मू ने कानूनी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए स्पष्ट किया कि बाल विवाह में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शामिल हर व्यक्ति अपराधी है। इसके तहत दो साल तक की कैद और एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। कानून के तहत पुरुषों को कैद व जुर्माना दोनों, जबकि महिलाओं को जुर्माने की सजा का प्रावधान है।

नाबालिगों की सगाई भी गैरकानूनी

एलएडीसी के.के. सिन्हा ने एक बेहद महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी साझा करते हुए बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार अब नाबालिग लड़के-लड़कियों की सगाई करना भी अपराध की श्रेणी में आता है। यह बच्चों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और भविष्य के चुनाव में बाधा डालता है।

सुधार तो हुआ, पर रफ्तार धीमी

आंकड़ों का हवाला देते हुए के.के. सिन्हा ने बताया कि देश में बाल विवाह की दर 23.3 प्रतिशत थी, जो 2024 के बाद चलाए गए सघन अभियानों के चलते घटकर 20.1 प्रतिशत पर आ गई है। हालांकि, बदलाव की यह गति अभी भी धीमी है, जिसे तेज करने की जरूरत है। वक्ताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि बाल विवाह से न केवल दो परिवार बर्बाद होते हैं, बल्कि कम उम्र में मां बनने से जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है और आने वाली पीढ़ी कुपोषण का शिकार होती है।

अधिकार मित्रों की जिज्ञासाओं का हुआ समाधान

कार्यशाला के अंत में एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें चीफ एलएडीसी विदेश सिन्हा, राजेश कुमार श्रीवास्तव, अभिनव श्रीवास्तव और के.के. सिन्हा ने अधिकार मित्रों (पीएलवी) के सवालों के जवाब दिए और उनके कार्यक्षेत्र की बारीकियों को समझाया, ताकि वे जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से समाज को जागरूक कर सकें।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *