ताजा खबरें

पहली पुण्यतिथि पर स्वर्गीय रामदास सोरेन की प्रतिमा का खड़ंगाझाड़ चौक पर मंत्री दीपक बिरुवा ने किया अनावरण, मंत्री ने झारखंड आंदोलन में योगदान को किया याद

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: पूर्व शिक्षा मंत्री और झामुमो के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय रामदास सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर शनिवार को टेल्को स्थित खड़ंगाझाड़ चौक पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ, विधायक संजीव सरदार और रामदास सोरेन के पुत्र सह विधायक सोमेश सोरेन ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर रामदास सोरेन की पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्य, झामुमो के नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मंत्री दीपक बिरुवा ने स्वर्गीय रामदास सूरन के राजनीतिक और सामाजिक जीवन को याद किया

प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित कार्यक्रम में मंत्री दीपक बिरुआ ने स्वर्गीय रामदास सोरेन के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामदास सोरेन ने अपने जीवन को समाज और झारखंड के हितों के लिए समर्पित किया।

आंदोलनकारी छात्रों की मांगों पर सरकार कर रही है विचार

मंत्री बिरुआ ने रांची में चल रहे छात्रों के आंदोलन पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि छात्र नियुक्त प्रकिया में बदलाव चाहते हैं और राज्य सरकार उनकी मांगों के अनुरूप पहल कर रही है। सरकार ने छात्रों की लगभग सभी मांगों को मान लिया है। सीबीआई जांच की मांग पर उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सीबीआई और ईडी केंद्र सरकार के अधीन काम करने वाली संस्थाएं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं संस्थाओं का इस्तेमाल कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को फंसाया गया था। उन्होंने कहा कि इसी कारण सरकार इस मामले में इन संस्थाओं से जांच नहीं कराना चाहती, क्योंकि इससे दोबारा गड़बड़ी की आशंका है।

राज्य सरकार को हो रहा है नुकसान

खनिज संपदा से जुड़े अधिनियम पर मंत्री ने कहा कि इससे राज्य सरकार को विभिन्न क्षेत्रों में नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के हितों की रक्षा के लिए इस अधिनियम का मजबूती से विरोध किया जाएगा।

कार्यक्रम में कई विधायक रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक समीर महांती, सबिता महतो, मंगल कालिंदी और संजीव सरदार के अलावा झामुमो नेता कुणाल सारंगी समेत कई नेता उपस्थित रहे। सभी ने रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। गौरतलब है कि रामदास सोरेन का निधन पिछले वर्ष 15 अगस्त को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ था।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *