जितिया पर सुवर्ण रेखा नदी में नहाने गईं दो बहनें डूबीं, एक को बचाया, दूसरी तेज धार में लापता
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: जिउतिया पर्व के दिन शनिवार को मानगो के गांधी घाट के समीप स्वर्णरेखा नदी में स्नान करने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। समता नगर निवासी संतोष ठाकुर की दो बेटियां नदी के गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गईं। हादसे में स्थानीय लोगों ने एक बच्ची ज्योति कुमारी को किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया, जबकि नौ वर्षीय पूनम कुमारी तेज धार में बह गई। घटना के बाद संतोष ठाकुर ने भाजपा के पूर्व नेता और सामाजिक कार्यकर्ता विकास सिंह को फोन कर बताया कि उसकी दो बेटी स्वर्णरेखा नदी में अपनी मां के साथ जितियां पर्व हेतु स्नान करते वक्त डूब गई है ।बिना विलंब किए जिस हालत में विकास सिंह थे उसी हालत में पहुंच कर 19 वर्षीय ज्योति को बचाने का प्रयास किया और पूरे मामले की जानकारी उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को देते हुए मदद की गुहार लगाया ।
देर रात पूनम का कोई पता नहीं चल सका
परिजनों के अनुसार संतोष ठाकुर अपनी मां और दोनों बेटियों के साथ जिउतिया पर्व के अवसर पर नदी में स्नान करने गांधी घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान परिवार के लोग अचानक गहरे पानी में चले गए। इसी बीच दोनों बच्चियां नदी के तेज बहाव में फंसकर बहने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ज्योति कुमारी को नदी से बाहर निकाल लिया गया।
नदी से बाहर निकाली गई बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दूसरी ओर पूनम कुमारी के नदी में बह जाने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। गोताखोरों की मदद से भी काफी देर तक खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा होने और नदी की तेज धार के कारण बच्ची का पता नहीं चल सका।
घर में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलने पर हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिउतिया पर्व को लेकर जिस परिवार में खुशी का माहौल था, वहां एक बच्ची के लापता होने से मातम पसर गया। स्थानीय लोग भी बच्ची की सुरक्षित बरामदगी के लिए रेस्क्यू अभियान का इंतजार कर रहे हैं।
