सोनारी में पुलिस मुठभेड़ : बिंदल मॉल रेस्टोरेंट गोलीकांड के दो मुख्य शूटर पुलिस मुठभेड़ में घायल, हथियार बरामद
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडीपी रेस्टोरेंट में 26 सितंबर को हुई गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार दो कथित मुख्य शूटर बुधवार अहले सुबह पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, सोनारी के फागु बाबा श्मशान घाट के पास हथियार बरामदगी के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों की पहचान मोहन यादव और अजीत मंडल के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लाई थी पुलिस

पुलिस के अनुसार, बिंदल मॉल के उडीपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के बाद मामले की जांच के दौरान दोनों आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार कर जमशेदपुर लाया गया था। बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे पुलिस टीम दोनों को घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए सोनारी स्थित फागु बाबा श्मशान घाट के पास ले गई थी। आरोपियों ने पुलिस को उस स्थान की जानकारी दी, जहां पिस्टल छिपाने की बात बताई गई थी।
पुलिस का दावा है कि हथियार बरामदगी के दौरान दोनों आरोपियों ने मौके से पिस्टल उठा ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों आरोपियों के निचले हिस्से में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से तीन-तीन राउंड फायरिंग हुई।
मौके पर पहुंचे सीनियर एसपी और सिटी एसपी
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी ललित मीणा समेत पुलिस के कई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को पुलिस ने सील कर दिया है और वहां से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, मोहन यादव और अजीत मंडल पर बिंदल मॉल स्थित उडीपी रेस्टोरेंट में चार लोगों पर गोली चलाने का आरोप है। 26 सितंबर को बाइक सवार तीन अपराधी रेस्टोरेंट पहुंचे थे। इनमें से दो अंदर गए और फायरिंग की थी, जिसमें चार लोग घायल हुए थे। पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की थी। अब पुलिस बरामद दोनों पिस्टलों की जांच के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि गोलीकांड में इन हथियारों का इस्तेमाल हुआ था या नहीं।
