पहले शांति और ज्ञान की ऊर्जा, फिर जीवन बचाने का महादान: कल सोनारी में ब्रह्मकुमारी का महा रक्तदान शिविर थैलेसीमिया मरीज को समर्पित
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: रविवार को सोनारी स्थित यूनिवर्सल पीस पैलेस रिट्रीट सेंटर में होने वाला यह रक्तदान शिविर आम शिविरों से बिल्कुल अलग होने जा रहा है। यहाँ रक्तदाता सुई लगने से पहले राजयोग मेडिटेशन और सकारात्मक चिंतन से मन को शांत करेंगे, ताकि मानव सेवा के इस कदम में आध्यात्मिक ऊर्जा भी जुड़ सके। ब्रह्मकुमारी की प्रमुख अंजू बहन ने आज प्रेस वार्ता में बताया की कल का रक्तदान शिविर थैलेसीमिया मरीज को समर्पित होगा, यानी संग्रहित रक्त थैलेसीमिया मरीज को दान दिए जाएंगे। ब्रह्माकुमारीज़, जमशेदपुर के समाज कल्याण प्रभाग और चिकित्सा प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर की थीम “पहले ज्ञान पान, पीछे रक्तदान” रखी गई है। आयोजकों के अनुसार, रक्तदान को केवल एक शारीरिक प्रक्रिया मानने के बजाय इसे जागरूकता, शांति और निःस्वार्थ सेवा के भाव से जोड़ने के लिए यह पहल की गई है।
शिविर की खास बातें : मेडिटेशन से शुरुआत

रक्तदान करने पहुँचने वाले लोगों को पहले राजयोग मेडिटेशन और सकारात्मक चिंतन का अभ्यास कराया जाएगा। इसका उद्देश्य रक्तदाताओं को आत्मिक शांति, मानसिक मजबूती और सकारात्मक ऊर्जा देना है।
थैलेसीमिया पीड़ितों को सहारा
इस आयोजन का मुख्य लक्ष्य थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों समेत अन्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की कमी को पूरा करने में मदद करना और नियमित रक्तदान की आदत को बढ़ावा देना है।
स्वयं रक्तदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें
आयोजकों ने बताया कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है और कठिन समय में परिवार को नई उम्मीद दे सकता है। ब्रह्माकुमारीज़ ने जमशेदपुर के युवाओं, सामाजिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुँचें और दूसरों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करें।
