ताजा खबरें

भाजपा नेता चंद्रशेखर मिश्रा के आकस्मिक निधन से स्तब्ध एवं मर्माहत हूँ- अमरप्रीत सिंह काले

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर मिश्रा के आकस्मिक निधन की खबर से भाजपा परिवार सहित पूरे राजनीतिक एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर है। भाजपा झारखंड के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए इसे व्यक्तिगत क्षति बताया है।

अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा का यूँ अचानक हम सभी के बीच से चले जाना अत्यंत दुःखद, हृदयविदारक और अविश्वसनीय है। कल तक उनके साथ बैठकर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करना, उनका मार्गदर्शन प्राप्त करना और उनके विचारों को सुनना सहज दिनचर्या का हिस्सा था।

अचानक चला जाना, सहज ही विश्वास नहीं होता 

भाजपा जमशेदपुर महानगर की बैठक में सुबह 11 बजे से दोपहर लगभग 1:45 बजे तक उनके साथ रहने का अवसर मिला था। इस दौरान उनका संबोधन, विचार और मार्गदर्शन सभी को प्राप्त हुआ था। किसे पता था कि कुछ ही समय बाद उनके निधन का ऐसा दुःखद समाचार सुनने को मिलेगा।

चंद्रशेखर मिश्र अभिभावक तुल्य

उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा केवल भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ही नहीं, बल्कि अभिभावक स्वरूप व्यक्तित्व थे। उनका अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण, सहज व्यवहार और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध सदैव स्मरण किए जाएंगे। उनका असमय चले जाना संगठन के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा।

आवास पहुंच कर शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी

अमरप्रीत सिंह काले ने बताया कि निधन का समाचार प्राप्त होने के बाद वे उनके आवास पहुँचे, जहाँ शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। इस कठिन समय में परिवार के दुःख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। किसी अपने का अचानक इस तरह बिछड़ जाना पूरे परिवार और उनसे जुड़े लोगों के लिए अत्यंत पीड़ादायक होता है।

उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा की स्मृतियाँ, उनका स्नेह और उनका मार्गदर्शन सदैव उनके साथ रहेंगे। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *