दीपावली ट्रेड फेयर का उत्साहपूर्ण समापन, शहरवासियों ने जमकर की खरीदारी
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा महिला उद्यमिता एवं ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय दीपावली ट्रेड फेयर का आज उत्साहपूर्ण समापन हो गया। मेले के अंतिम दिन चैंबर सदस्यों एवं शहरवासियों ने सपरिवार पहुंचकर विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया और दीपावली से संबंधित वस्तुओं की खरीदारी कर मेले का आनंद उठाया। चैंबर ने इस आयोजन में अभिनव पहल करते हुए निःशुल्क एक्यूप्रेशर, नेत्र जांच एवं दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया, जिसका मेले में आए लोगों ने लाभ उठाया।
चेंबर के पहल की सराहना
समापन दिवस पर इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति भगत, हिन्दपीठ के अध्यक्ष श्री अरुण सिंह, समाजसेवी मंजू सिंह, प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. विवेक केडिया, दंत चिकित्सक डॉ. स्वाति पटवारी तथा एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ डॉ. विकास साहू ने मेले में शामिल स्टॉलधारकों का उत्साहवर्धन किया और चैंबर की इस पहल की सराहना की।
चैंबर अध्यक्ष श्री मानव केडिया ने कहा कि दीपावली ट्रेड फेयर का उद्देश्य केवल खरीदारी का मंच उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करना और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना भी है। शहरवासियों का उत्साह इस प्रयास की सफलता का प्रमाण है।
उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने कहा कि चैंबर ने व्यापारिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों की पहल की। इससे मेले को एक नया आयाम मिला और लोगों को खरीदारी के साथ स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ भी प्राप्त हुआ।
महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि शहरवासियों एवं चैंबर सदस्यों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को सफल बनाया। ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करते हैं।
सचिव भारत मकानी ने सभी स्टॉलधारकों, आगंतुकों, सहयोगियों एवं आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से दीपावली ट्रेड फेयर यादगार एवं सफल आयोजन के रूप में संपन्न हुआ। समन्वयक सुमन नागेलिया ने सभी को धन्यवाद दिया।
सामाजिक सरोकार का सार्थक उदाहरण
चैंबर का यह आयोजन महिला उद्यमिता, स्थानीय उत्पादों, व्यापारिक प्रोत्साहन एवं सामाजिक सरोकारों के समन्वय का एक सार्थक उदाहरण बना।
इस अवसर पर मुख्य रूप से उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव विनोद शर्मा, अंशुल रिंगसिया, कोषाध्यक्ष्य अनिल रिंगसिया, मनोज गोयल, पवन शर्मा, पीयूष गोयल, प्रीतम जैन, ललित डांगा, गगन रस्तोगी, पंकज छाबड़ा, राजेश लोधा एवं अन्य उपस्थित रहे।
