ताजा खबरें

गोलमुरी बाजार में आरती ज्वेलरी का ताला तोड़कर लाखों के गहने चोरी, बैंक डकैती के अगले दिन फिर वारदात

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने लगातार दूसरे दिन बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार को गोलमुरी केनरा बैंक में करोड़ों रुपये की डकैती की घटना के बाद शुक्रवार को उसी इलाके में चंद कदम की दूरी पर स्थित गोलमुरी बाजार की आरती ज्वेलरी दुकान में चोरी हो गई। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।

सोने चांदी के गहनों के रिपेयरिंग की दुकान

बताया गया कि आरती ज्वेलरी में मुख्य रूप से सोने और चांदी के आभूषणों की रिपेयरिंग का काम किया जाता था। शुक्रवार को दुकान का ताला टूटा मिलने के बाद आसपास के दुकानदारों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद दुकान संचालक को सूचना दी गई। चोरी की खबर फैलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही गोलमुरी पुलिस पहुंची

घटना की सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस को आशंका है कि चोरों ने मौका देखकर दुकान को निशाना बनाया और चोरी के बाद फरार हो गए।

चोरी में कितने मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान गायब हुए हैं, इसका आकलन किया जा रहा है। दुकान संचालक द्वारा सामान का मिलान किए जाने के बाद ही नुकसान की वास्तविक राशि स्पष्ट हो सकेगी।

डकैती के 24 घंटे के भीतर दूसरी वारदात

गौरतलब है कि गोलमुरी इलाके में एक दिन पहले ही केनरा बैंक में बड़ी डकैती की घटना हुई थी। इसके ठीक अगले दिन बैंक से कुछ दूरी पर ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात ने स्थानीय दुकानदारों और लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *