ताजा खबरेंक्राईम

एमजीएम में नशे के कारोबार पर पुलिस की दबिश, 510 पुड़िया ब्राउन शुगर जब्त, दो गिरफ्तार

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 510 पुड़िया ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के क्योंझर जिले के बड़बिल थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तम सिंह हाटिंग, मक्तमबेड़ा निवासी 32 वर्षीय सुरज थापा और बिरसानगर जोन नंबर तीन निवासी 25 वर्षीय करण कुमार के रूप में हुई है। मामले की जानकारी पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार ने मंगलवार को पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी ने की छापेमारी 

डीएसपी ने बताया कि 22 सितंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज और रिपिट कॉलोनी के आसपास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने रिपिट कॉलोनी के पीछे काली मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर सुरज थापा के पास से 437 पुड़िया और करण कुमार के पास से 73 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई।

मोबाइल और बाइक जब्त

पुलिस ने दोनों के पास से एक सैमसंग टचस्क्रीन मोबाइल और एक नोकिया कीपैड मोबाइल के अलावा काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल संख्या जेएच05ईजे-5734 भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की है। इस संबंध में एमजीएम थाना में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गिरफ्तार युवक आर्म्स एक्ट में जा चुका है जेल

पुलिस के मुताबिक सुरज थापा के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और चोरी समेत कई मामले दर्ज हैं। इनमें हाटगम्हरिया, मानगो, पोटका, सिदगोड़ा, मुसाबनी, जादूगोड़ा और घाटशिला थाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं। वहीं करण कुमार के खिलाफ बिरसानगर थाना में एनडीपीएस एक्ट और चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं।

गठित की गई थी पुलिस टीम

छापेमारी टीम में एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक आनंद कुमार, सुगना मुंडा, नारकोटिक्स सेल के अमित कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मो. माजिद उद्दीन समेत एमजीएम थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *