ताजा खबरें

अमर बलिदानी महाराणा देश के गौरव , हृदय में सदैव बसे रहेंगे- अमरप्रीत सिंह काले 

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : मरीन ड्राइव स्थित महाराणा चौक पर झारखंड क्षत्रिय संघ के तत्वावधान में आयोजित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप सिंह की जयंती समारोह में झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। उनके अद्वितीय शौर्य, त्याग, राष्ट्रनिष्ठा एवं स्वाभिमान को भावपूर्ण नमन किया।

महान योद्धा और राष्ट्र निर्माता

मौके पर अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल मेवाड़ के महान योद्धा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्र गौरव, आत्मसम्मान और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों, अभावों और संघर्षों के बीच भी कभी अपने स्वाभिमान एवं राष्ट्रधर्म से समझौता नहीं किया। उनका जीवन प्रत्येक भारतीय को अन्याय के विरुद्ध डटकर खड़े रहने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा अमर बलिदानी महाराणा प्रताप जैसे महाप्रतापी हमारे सर का ताज हैं। यह शौर्य पुरुष देशवासियों के हृदय में सदैव बसे रहेंगे।

महाराणा का त्याग और बलिदान देश का स्वर्णिम अध्याय

उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का अदम्य साहस, त्याग और संघर्ष भारतीय इतिहास के स्वर्णिम अध्याय हैं। हल्दीघाटी का युद्ध केवल एक युद्ध नहीं, बल्कि राष्ट्र स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए लड़ा गया ऐतिहासिक संकल्प था। महाराणा प्रताप का जीवन आज भी युवाओं को राष्ट्रप्रेम, साहस, आत्मसम्मान और संस्कृति की रक्षा के लिए प्रेरित करता है।

Share This News