विधायक संजीव सरदार ने किया पोटका में कंबल वितरण योजना का शुभारंभ, 34 पंचायत में 7 हज़ार कंबल का होगा वितरण
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: कड़ाके की ठंड से जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से झारखंड सरकार द्वारा पोटका प्रखंड क्षेत्र में सात हजार कंबलों का वितरण पंचायत स्तर पर किया जाएगा। इस अभियान का शुभारंभ गुरुवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने तेंतला, जुड़ी एवं पोटका पंचायत से किया।
विकास की राह जन-जन तक पहुंचेगी: संजीव सरदार
कार्यक्रम के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड सरकार जन-जन तक विकास और राहत पहुंचाने को लेकर गंभीर है। सरकार की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसी क्रम में पोटका प्रखंड क्षेत्र में कंबल वितरण की शुरुआत की गई है, जिसे जल्द ही सभी पंचायतों में पूरा कर लिया जाएगा। विधायक ने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे कंबल गुणवत्तापूर्ण हैं, जो लंबे समय तक उपयोगी रहेंगे। उन्होंने प्रशासनिक पदाधिकारियों से अपील की कि कंबल वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ हो और केवल वास्तविक जरूरतमंदों को ही कंबल दिए जाएं, ताकि किसी भी तरह की बिचौलिया व्यवस्था न पनपे।
कैबिनेट ने पैसा कानून को मंजूरी दी
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने पेसा कानून का भी उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड सरकार की कैबिनेट द्वारा पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में पेसा कानून लागू करने की मंजूरी दी गई है, जिससे गांव की स्वशासन व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने ग्रामीणों से जागरूक रहने और ग्राम सभा को सशक्त बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में बीडीओ अरुण कुमार मुंडा, मुखिया अमृत माझी, मुखिया सुकलाल सरदार, पानो सरदार, पूर्व जिप सदस्य चंद्रावती महतो, हीरामनी मुर्मू, सुधीर सोरेन, भुवनेश्वर सरदार, हितेश भकत, रमेश मुर्मू, बीरेन पात्र, पंचायत सचिव साधुचरण सामद, ललन ठाकुर, सुनील कुमार बेरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित थे।
