पार्श्व गायक संजीव बनर्जी टुबई की दिवंगत सुपुत्री की स्मृति में ”सहयोग से सेवा’ टीम ने बाराद्वारी में किया भोजन वितरण
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: शहर की सामाजिक संस्था ‘SAHYOG se SEWA’ टीम द्वारा आज बाराद्वारी सब्जी मंडी में भोजन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झारखंड कलाकार मंच के अध्यक्ष और पार्श्व गायक संजीव बनर्जी की सुपुत्री, दिवंगत दिशा बनर्जी की पावन स्मृति में आयोजित किया गया। इस मौके पर सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
विदित हो कि 14 अप्रैल को एक दुखद सड़क दुर्घटना का शिकार होने के बाद दिशा बनर्जी पांच दिनों तक टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में कोमा में रहीं। 18 अप्रैल को उनका असामयिक निधन हो गया था। अपनी बेटी की यादों को सेवा के माध्यम से जीवित रखने के उद्देश्य से बनर्जी परिवार ने इस पुनीत कार्य का संकल्प लिया।
183 विक्रेताओं को कराया गया भोजन

आज के इस सेवा कार्य के तहत बाराद्वारी मंडी के कुल 183 ग्रामीण सब्जी विक्रेताओं को सम्मानपूर्वक मध्यान्ह भोजन कराया गया। भोजन में मुख्य रूप से रोटी, दाल तड़का, अचार और फल वितरित किए गए। फल (केले) का विशेष सहयोग संस्था के सह-संस्थापक मंजीत सिंह की पुत्रवधू अर्चिता द्वारा प्रदान किया गया।
भावुक रहा माहौल
कार्यक्रम के दौरान वातावरण अत्यंत भावुक और मानवीय संवेदनाओं से ओत-प्रोत रहा। मौके पर संजीव बनर्जी, उनकी पत्नी, बड़ी सुपुत्री रिया और उनके पड़ोसी विशेष रूप से उपस्थित रहे। भोजन ग्रहण करने वाले लाभार्थियों और संस्था के कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उपस्थित जनों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से उन्हें इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
सहयोगियों की रही सक्रिय भूमिका
इस मानवीय कार्य को सफल बनाने में ‘सहयोग से सेवा’ टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर मुख्य रूप से अजय कुमार डे, अविनाश जायसवाल, पी. मोहन राव
मनोज कुमार सिंह, संजय पांडे, जोगिंदर लोधी, रबिंदर साहूविकास सिंघानिया, मंजीत सिंह, मनोज जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। टीम के सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे समाज के प्रति अपने इस सेवा भाव को निरंतर जारी रखेंगे।
