एशियाई खेल 2026 में 9 पदक जीतने वाली भारतीय तीरंदाजी टीम का दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अर्जुन मुंडा ने किया स्वागत
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : जापान में आयोजित एशियाई खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर स्वदेश लौटी भारतीय तीरंदाजी टीम का पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष श्री अर्जुन मुंडा ने आज नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संघ के पदाधिकारियों के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया। भारतीय तीरंदाजों ने प्रतियोगिता में 5 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 9 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने बधाई दी
इस अवसर पर श्री मुंडा ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टाफ, उनके परिवारों और संघ के पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने इस सफलता को खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन, कठिन अभ्यास और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया।
श्री मुंडा ने कहा कि प्रत्येक पदक के पीछे खिलाड़ियों के संघर्ष, समर्पण और निरंतर अभ्यास की प्रेरणादायी कहानी है। भारतीय तीरंदाजों की यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है और युवा खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने की प्रेरणा देगी।
अमूल्य योगदान देने वालों की सराहना की
उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता में प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टाफ और परिवारों के अमूल्य योगदान की सराहना की। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय तीरंदाज आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश का मान बढ़ाएँगे।
श्री मुंडा ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भारतीय तीरंदाजी को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
