हर हर महादेव सेवा संघ का भजन संध्या 24 अगस्त 2026 को, अंतिम सोमवार को हर हर महादेव के जयघोष से गूंजेगा शहर, प्रख्यात भजन गायक मनोज तिवारी 14 सदस्यीय टीम के साथ बहाएंगे शिव महिमा की रसधार
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: बहुप्रतीक्षित हर हर महादेव संघ भजन संध्या का पावन अवसर एक बार फिर आ गया है। चलो कांवरिया बाबा धाम की तरह “आओ भक्तों कालीमाटी में बिताएं बाबा नाम की शाम” के भावपूर्ण अनुरोध के साथ सावन महीने के अंतिम सोमवार की तैयारी जोरशोर से शुरू हो गई है। विदित हो परंपरागत ढंग से हर हर महादेव सेवा संघ द्वारा अंतिम सोमवार को भव्य भजन संध्या आयोजित किया जाता है जो इस साल 24 अगस्त 2026 को है। संध्या 6:30 बजे से साकची गुरुद्वारा मैदान में पुनः प्रसिद्ध भजन गायक मनोज तिवारी जी का आगमन हो रहा है। उनके साथ उनकी 14सदस्यीय गायन और वाद्य मंडली रहेगी। पूरा कार्यक्रम पूर्व की भांति ही भव्य ढंग से आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पूरे साकची गुरुद्वारा मैदान में पक्का पंडाल बनाया जा रहा है जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के लिए बैठने के लिए कुर्सियां रहेंगी. भव्य और वृहद स्टेज के साथ प्रवेश द्वार पर बाबा बर्फानी की आकृति लिए विशालकाय बर्फ शिवलिंग का आसन होगा जहां सर्वप्रथम पूजन के उपरांत कार्यक्रम की शुरुआत होगी और कार्यक्रम का समापन विधिवत आरती के साथ होगा। श्रद्धालुओं के लिए भोग प्रसाद, पेय जल भी उपलब्ध होगा।
उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश निःशुल्क होता है। इसके लिए श्रद्धालुओं को संघ द्वारा पास वितरित किया जाता है और उसी पास के आधार पर प्रवेश नियंत्रित किया जाता है ।श्रद्धालुओं से अपील है कि वे समय पर संध्या 6:30 बजे के पहले ही अपना स्थान ग्रहण कर ले। दर्शक दीर्घा में अगली कुछ पंक्तियां आरक्षित रहती हैं । श्रद्धालुओं से निवेदन है कि कार्यक्रम में व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपना पूर्ववत सहयोग प्रदान करें और पूरे आयोजन का उमंग और उल्लास के साथ आनंद लें तथा भोले बाबा की कृपा प्राप्त करें।
हर हर महादेव सेवा संघ द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम पूर्णतः भगवान भोलेनाथ को समर्पित रहता है।
व्यवस्था एवं सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्र में भव्य विद्युत सज्जा के साथ यातायात संचालन, अग्निशमन एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जाएगी । श्रद्धालुओं की सहायता एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए संघ के स्वयंसेवकों की विशेष टीम पूरे कार्यक्रम के दौरान मुस्तैद रहेगी। एहतियाती एवं सुरक्षा व्यवस्था में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का भी भरपूर सहयोग प्राप्त होता है।
पांच विशिष्ट व्यक्तित्वों को मिलेगा ‘संघ रत्न सेवा अवार्ड’
हर हर महादेव सेवा संघ द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले महानुभावों को सम्मानित करने की परंपरा पिछले एक दशक से चली आ रही है। इस वर्ष पांच विशिष्ट व्यक्तित्वों को ‘संघ रत्न सेवा अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा जिनके नाम एवं परिचय इस प्रकार हैं –
चिकित्सा सेवा: टाटा मोटर्स अस्पताल के पूर्व महाप्रबंधक एवं प्रतिष्ठित सर्जन डॉ. संजय कुमार जी, प्रख्यात महिला प्रसूति रोग चिकित्सक डॉ अंजू बाजोरिया जी।
समाज सेवा: असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ लंबे समय से सेवा कार्य में समर्पित श्री अशोक घोष जी
साहित्य एवं देशभक्ति: शौर्य एवं देशभक्ति गीतों के माध्यम से दशकों से लोगों को मंत्रमुग्ध करने वाले सरदार बलविंदर सिंह जी
खेल: खेल के क्षेत्र में अपना जीवन शहर को समर्पित करने वाले हसन इमाम मालिक ” चिकू “जी हर हर महादेव सेवा संघ अपने सेवा एवं संस्कृतिक संरक्षण के कार्यों के लिए विश्व कल्याण ,सामाजिक सौहार्द्र और मानवता के कार्यो और उद्देश्यों को लेकर प्रतिबद्ध है.
अबतक दे चुके है प्रस्तुति
हर हर महादेव सेवा संघ के मंच से देश के अनेकों प्रख्यात कलाकारों ने भजन प्रस्तुति दी है जिनमें कल्पना पटवारी, भरत शर्मा व्यास, मनोज तिवारी मृदुल,लखबीर सिंह लक्खा, देवी,अनूप जलोटा, पवन सिंह, पद्मश्री मालिनी अवस्थी, कन्हैया मित्तल,कैलाश खेर , आदि शामिल है.
