रक्तदान के माध्यम से अर्पण कर रहा अतुलनीय कार्य, इनकी सेवा भावना से मैं आह्लादित हूँ : अर्जुन मुंडा
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था अर्पण परिवार द्वारा आयोजित 11वें महा रक्तदान शिविर में भीषण गर्मी के बावजूद रक्तदाताओं का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। सेवा और मानवता के इस महायज्ञ में युवाओं, महिलाओं एवं विभिन्न परिवारों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए रक्तदान किया।
1068 यूनिट रक्त का हुआ संग्रह

शिविर में कुल 1068 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रथम बार रक्तदान करने वाले (फर्स्ट टाइम डोनर) भी शामिल हुए। महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं कई परिवारों ने एक साथ रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया, जिनमें पिता-पुत्र, पति-पत्नी सहित अन्य परिजनों ने भी रक्तदान किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए रक्तदाताओं एवं अतिथियों के बीच पौधों का वितरण किया गया। रक्तदान के साथ प्रकृति संरक्षण का यह संदेश सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने अर्पण परिवार के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था समाज में जनसेवा की मिसाल कायम कर रही है।
रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं – रघुवर दास

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने कहा कि रक्तदान महादान है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए ताकि किसी भी जरूरतमंद को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अर्पण परिवार के इस सेवा अभियान की प्रशंसा की।
टीम अर्पण पर शहर को गर्व है : विद्युत वरण महतो
मुख्य उद्घाटनकर्ता एवं जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि अर्पण परिवार सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। संस्था का यह अभियान समाज में सेवा, सहयोग और जागरूकता का संदेश दे रहा है तथा युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित कर रहा है।
इस मौके पर टाटा स्टील लिमिटेड मेसर्स उपाध्यक्ष (कारपोरेट सेवाएं) डी. बी. सुंदररमन ने कहा
की मुझे इस शिविर में आकर अत्यंत प्रसन्नता हुई- यह अतुलनीय है और इसकी जितनी भी सराहना की जय वह कम है ।
अर्पण का संकल्प है मानव सेवा : अमरप्रीत सिंह काल
अर्पण परिवार के संरक्षक अमरप्रीत सिंह काले ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों, सहयोगी संस्थाओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अर्पण परिवार का उद्देश्य केवल रक्त संग्रह करना नहीं, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं के सहयोग और समाज के विश्वास से ही संस्था सेवा के नए आयाम स्थापित कर रही है तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाया
कार्यक्रम को सफल बनाने में अर्पण के अध्यक्ष जूगुन पांडे, पप्पू राव, महेश मिश्रा, बिभाष मजुमदार, प्रिंस सिंह, दीपक सिंह, सूरज बाग, घनश्याम भिरभरिया, सुमन कुमार, कौशिक प्रसाद, मनीष सिंह एवं अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
