जाने माने समाजसेवी स्व. बाबू केके सिंह की जयंती पर 10 वाँ रक्तदान शिविर आयोजित, सैकड़ों लोगों ने रक्तदान कर अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: स्व. बाबू के. के. सिंह की 80वी जयंती पर आयोजित रक्तदान शिविर के अवसर पर पहुंचे कई गणमान्य अतिथियों ने अपने उदगार व्यक्त किया। रक्तदान शिविर के उद्घाटन के मौके पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि रक्तदान शिविर का आयोजन स्वर्गीय केके बाबू से परिवार को विरासत के रूप में मिले संस्कार का प्रतीक है। उनके परिवार द्वारा दूसरों के हित से जुड़ा रक्तदान उन्हें याद करने का एक माध्यम चुना। अपने जीवन में वे ऐसे ही लोकोपकारी रहे। उन्होंने अपने पास आने वाले हर जरूरतमंद की मदद की। यह उनकी विशेषता रही। रेड क्रॉस भवन में स्वर्गीय केके सिंह की याद में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। सांसद ने रक्तदाताओं को पुष्पगुच्छ प्रदान कर उनका उत्साह बढाया।

अपने को कष्ट में डालकर दूसरों की मदद करने वाले केके बाबू इकलौते – पूर्व मंत्री बना गुप्ता

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने इस मौके पर अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा की क सिंह एक बड़े समाजसेवी और परोपकारी लोगों में से थे। मदद के लिए कोई अगर उनके पास गया तो उसे वे कभी खाली हाथ नहीं लौटने देते थे, चाहे उनकी स्थिति कैसी भी हो। स्वयं को कष्ट में डालकर दूसरों की मदद करने वाले वे एक इकलौते उदाहरण हैं। पूर्व मंत्री ने कहा कि आज के के बाबू के पुत्र विकास सिंह ने अपने पिता के पद चोन पर चलते एक नई लकीर खींची है। पिता की विरासत को कायम रखते हुए मान सम्मान के साथ विकास सिंह ने उसे आगे बढ़ाया है। पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने स्व. के. के. सिंह से जुड़े अपने संस्मरणों को याद करते हुए कहा कहा कि उनका व्यक्तित्व अद्भुत था। वे चमत्कारिक पुरुष थे। हर समय मदद का जज्बा।
केके बाबू हमेशा से समाजसेवा के प्रतिक रहे – मंगल कालिंदी
कार्यक्रम में उपस्थित जुगसलाई के विधायक मंगल कालिन्दी ने कहा कि अपने जीवन में के. के. सिंह हमेशा सेवा के प्रतीक रहे।उन्होंने जीवनपर्यन्त लोगों की मदद की। आज भी इनके आवास पर लोग उसी आशा विश्वास के साथ पहुंचते हैं, जैसे किसी जनप्रतिनिधि सांसद व विधायक के आवास पर लोग जाकर अपनी समस्या का समाधान पाते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित इंचागढ़ चांडिल की विधायक सविता महतो ने कहा कि यह परिवार अपने संस्कारों के कारण आज लोगों के दिलों में है। आज भी लोग अगर स्व. के. के. सिंह जी को याद करते हैं तो यह उनका अमर कृतित्व है। कार्यक्रम में मानगो की मेयर सुधा गुप्ता ने अपने वाणी से स्व. के. के. सिंह के प्रति श्रद्धांजली व्यक्त किया।
कई गणमान्य लोग रक्तदान शिविर में पहुंचे
उद्घाटन समारोह में वरीय समाजसेवी ए. के. श्रीवास्तव, अरुण बांकरेवाल ने भी अपने विचार रखें। समाजसेवी कार्यकर्ता शिवशंकर सिंह ने बाबू के. के. सिंह से जुड़े अपने जीवन के संस्मरण को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन मानव जीवन के हर पहलु को छूता था। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री झारखंड सरकार ने शामिल होकर रक्तदान कर रहे रक्तदाताओं का हौसला बढाया। उद्घाटन समारोह के दौरान के. के. एजुकेशनल फाउण्डेशन की संरक्षक उर्मिला सिंह, चेयरमैन विकास सिंह, डायरेक्टर रश्मि सिंह ने अतिथियों को अंग वस्त्र एवं पुष्प गुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान चमकता आईना के सम्पादक जय प्रकाश राय, न्यू इस्पात मेल के सम्पादक बृजभूषण सिंह, उदितवाणी के सम्पादक उदित अग्रवाल, खबर मंत्र के स्थानीय प्रमुख सत्येन्द्र कुमार, जिला परिषद सदस्य कविता परमार, नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, समाजसेवी अशोक चौधरी, राजकिशोर सिंह, जय कुमार, अमोद कुमार, अमोद राय, दीप सिंह, राजेश चौधरी, अमोद राय, प्रभुनाथ सिंह, उषा सिंह, राकेश मिश्र, विशाल सिंह, आशुतोष पारीक, मुख्य रूप से उपस्थित थें। रक्तदान शिविर का प्रबंधन स्व. के. के. सिंह के पोत्र आर्य वत्स ने अपने साथियों के साथ किया। आर्य वत्स के साथ आशीष कश्यप, हर्षित शर्मा, अक्षत कुमार, मोहित कुमार, अग्रिमा वत्स, अक्षिता शाही ने शिविर को सुव्यवस्थित करने में रेड क्रॉस कार्यकर्ताओं को सहयोग प्रदान किया। जमशेदपुर ब्लड सेन्टर की टीम ने रक्त संग्रहण का कार्य किया।
रक्तदान शिविर में 254 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। रक्तदान शिविर के सफलता पूर्वक सम्पन्न होने पर शिविर का संचालन कर रहे रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह एवं के. के. एजुकेशनल फाउण्डेशन ट्रस्ट विकास सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
