जमशेदपुर की अपराधिक वारदातों ने डीजीपी तदाशा मिश्रा को किया परेशान, घटनाओं की अद्तन जानकारी लेने पहुंची जमशेदपुर, डीआईजी, एसएसपी के साथ हुई मीटिंग, केनरा बैंक लूट और मरीन ड्राइव गोलीकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: झारखंड पुलिस की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचकर पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिसिंग की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बिष्टुपुर के सीएच एरिया स्थित पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वाकरीब के आवास पर हुई बैठक में दोनों जिलों के वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
केनरा बैंक लूट कांड और गोली कांड की पूरी जानकारी ली
डीजीपी ने विशेष रूप से जमशेदपुर में हुए केनरा बैंक लूटकांड और मरीन ड्राइव स्थित रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी की घटना की जांच की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से दोनों मामलों में अब तक की गई कार्रवाई, संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियानों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। डीजीपी ने निर्देश दिया कि घटनाओं में शामिल अपराधियों और गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
संगठित अपराध पर नियंत्रण के दिए निर्देश
बैठक में संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की रणनीति पर भी चर्चा हुई। डीजीपी ने खुफिया तंत्र को और मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा शहर और संवेदनशील इलाकों में गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पुलिस की सक्रियता ऐसी होनी चाहिए कि आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।
आने वाले पर्व पर सख्त सुरक्षा के दिए आदेश
आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए भी डीजीपी ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती पहले से सुनिश्चित की जाए। बैठक में कोल्हान प्रक्षेत्र के कई वरीय पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
