ताजा खबरें

किताडीह में ईद मिलादुन्न नबी के मौके पर हुआ लंगर वितरण, विधायक संजीव सरदार हुए शामिल

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: पोटका विधानसभा क्षेत्र के जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत किताडीह में बादशाह ग्रुप की ओर से मोहब्बत, रहमत, शफकत और इंसाफ का संदेश देने वाले हजरत मुहम्मद की पैदाइश-ए-मुबारक के अवसर पर लंगर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पोटका विधायक संजीव सरदार बतौर अतिथि शामिल हुए।

मोहब्बत और भाईचारे का संदेश देता है मोहम्मद साहब का जीवन : विधायक

इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि हजरत मुहम्मद साहब का पूरा जीवन इंसानियत, मोहब्बत, रहमत, शफकत और इंसाफ का संदेश देता है। उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का काम करते हैं।

विधायक ने आयोजन के लिए बादशाह ग्रुप के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किताडीह और जमशेदपुर की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की रही है। सभी धर्म और समुदाय के लोगों को मिल-जुलकर समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए आगे आना चाहिए।

बड़ी संख्या में लोगों ने ग्रहण किया लंगर

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। लंगर में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, पूर्व जिला परिषद सदस्य किशोर यादव, समाजसेवी राजकुमार सिंह, झामुमो नेता शेरू खान, निजाम खान सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *