सोना देवी यूनिवर्सिटी एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड 2026 आयोजित कर झारखंड के बेहतरीन शिक्षकों को करेगी सम्मानित
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर- सोना देवी यूनिवर्सिटी स्काईवे कैरियर हब के सहयोग से जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित अल्कोर होटल में एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड 2026 आयोजित करने जा रही है। सोना देवी विश्वविद्यालय की सहायक कुल सचिव अर्चना सिंह ने एक प्रेस वार्ता में संवाददाताओं को इसकी जानकारी दी। 25 जुलाई को शाम 6:00 बजे से आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष से शुरू होने वाला सोना देवी यूनिवर्सिटी एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड प्रतिवर्ष शिक्षा जगत के क्षेत्र में अमूल्य योगदान देने वाले और असाधारण काम करने वाले लोगों को कई श्रेणियां में दिया जाएगा।
शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाले होंगे पुरस्कृत
शिक्षा के क्षेत्र में दूरदर्शी सोच के लिए विजनरी प्रिंसिपल अवार्ड, शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए पायनियर इन एजुकेशन अवार्ड तथा जीवन पर्यंत योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया जाएगा। एसडीयू की सहायक कुल सचिव अर्चना सिंह ने बताया कि कोल्हन क्षेत्र के 100 से अधिक शिक्षण संस्थानों से 1 जुलाई 2025 तक प्राप्त प्रोफाइल के आधार पर सोना देवी विश्वविद्यालय की सर्च कमेटी ने पुरस्कारों के लिए शख्सियत का नाम चयन किया है।
झारखंड में पहली बार शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित करने एवं उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए सोना देवी विश्वविद्यालय द्वारा इस तरह का सराहनीय पहल की जा रही है। सोना देवी विश्वविद्यालय का मानना है कि कोल्हन क्षेत्र में शिक्षा के प्रति समर्पित लोगों को उनके योगदान और समर्पण के लिए उन्हें सम्मानित किया जाना आवश्यक है।
असाधारण योगदान को मिलेगी मान्यता
यह प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह प्रिंसिपलों, निर्देशकों, शिक्षकों, गैर शिक्षक कर्मचारियों, शिक्षाविदों और शिक्षण संस्थानों में असाधारण योगदान देने को मान्यता देने और सम्मानित करने के लिए शुरू किया गया है। इन लोगों और संस्थाओं ने पूरे झारखंड में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति उत्कृष्ट नवाचार नेतृत्व और अटूट प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया है। इस क्रम में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से प्रमुख स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के भाग लेने की उम्मीद है। प्रख्यात शिक्षाविद, यूनिवर्सिटी लीडर, प्रतिष्ठित संस्थाओं के निदेशक और शिक्षा जगत की अन्य जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी।
कई श्रेणियां में दिए जाएंगे पुरस्कार
यह पुरस्कार कई श्रेणियां में दिए जाएंगे। जिनमें सोना देवी यूनिवर्सिटी लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, पायनियर इन एजुकेशन अवार्ड, वेस्ट स्कूल मैनेजमेंट अवार्ड, विजनरी प्रिंसिपल अवार्ड, यंग प्रिंसिपल अचीवमेंट अवार्ड, इन्नोवेशन इन एजुकेशन अवार्ड, आउटस्टैंडिंग एजुकेशन अवार्ड, एक्सीलेंस इन टीचिंग अवार्ड, इंस्पिरेशन टीचर अवार्ड, डिजिटल लर्निंग एक्सीलेंस अवॉर्ड, स्टूडेंट मैटर ऑफ़ द ईयर अवार्ड, कम्युनिटी इंपैक्ट एजुकेशन अवार्ड और शिक्षक गैर शिक्षक पेसे वालों के बीच उत्कृष्टता को पहचानने वाली कई अन्य श्रेणियां शामिल है.
संस्थाओं और शिक्षकों का सम्मान
इस पहल का उद्देश्य उन शिक्षकों और संस्थाओं का सम्मान करना है जिन्होंने शैक्षणिक उत्कृष्ट नवाचार, छात्र विकास और सामुदायिक सेवा में असाधारण योगदान दिया है। साथ ही दूसरों को शिक्षा में उच्च मानकों के लिए प्रयास करने के लिए प्रेरित किया है।
एक मंच पर लाने की पहल
यह कार्यक्रम पूरे झारखंड में जाने-माने शिक्षकों, स्कूल मैनेजमेंट, शैक्षणिक संस्थाओं और नीति निर्माता को एक मंच पर लाने में सफल होगा। इस मौके पर सोना देवी विश्वविद्यालय के जनसंख्या प्राधिकारी डॉक्टर नीलमणि कुमार उपस्थित थे।
