टाटा मोटर्स कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले: 14.03% बोनस का ऐलान, 151 एफटीए की होगी नई बहाली!
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के लिए सोमवार को बोनस समझौते के साथ रोजगार के मोर्चे पर भी महत्वपूर्ण फैसला हुआ। प्रबंधन और यूनियन के बीच हुई वार्ता के बाद कर्मचारियों को इस वर्ष 14.03 प्रतिशत बोनस देने पर सहमति बनी है। समझौते की जानकारी टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह और सलाहकार प्रवीण सिंह ने सोमवार को प्रेस वार्ता में दी।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि समझौते के तहत कर्मचारियों को अधिकतम 87,543 रुपये तथा औसतन 53,787 रुपये बोनस मिलेगा। पिछले वित्तीय वर्ष में कर्मचारियों को 12.3 प्रतिशत बोनस मिला था। उस समय अधिकतम बोनस राशि 75,223 रुपये और औसत बोनस 50,160 रुपये था। इस लिहाज से इस वर्ष बोनस प्रतिशत के साथ ही अधिकतम और औसत भुगतान में भी वृद्धि हुई है।
बोनस समझौते के साथ जमशेदपुर प्लांट में 151 फुल टर्म अप्रेंटिस यानी एफटीए की नई बहाली पर भी प्रबंधन ने सहमति जताई है। यूनियन ने इसे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण निर्णय बताया। समझौते में कर्मचारियों के लिए 1,150 रुपये के टोकन गिफ्ट का भी प्रावधान किया गया है।
पिछले वर्ष करीब 1,200 बाइ सिक्स कर्मचारियों को 8.33 प्रतिशत बोनस दिया गया था, जबकि 225 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 15,085 रुपये की राशि दी गई थी। इस वर्ष के समझौते में स्थायी कर्मचारियों के बोनस के साथ रोजगार और अन्य सुविधाओं से जुड़े फैसले भी शामिल किए गए हैं।
प्रेस वार्ता में यूनियन नेताओं ने कहा कि बोनस समझौता कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। प्रबंधन और यूनियन के बीच हुई बातचीत के बाद बनी सहमति से कर्मचारियों में संतोष और खुशी का माहौल है। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी प्रबंधन के साथ सकारात्मक बातचीत जारी रहेगी। 151 एफटीए की बहाली को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे कंपनी में नई प्रतिभाओं को अवसर मिलने के साथ युवाओं को रोजगार का रास्ता खुलेगा।
