बारिश से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे विधायक संजीव सरदार, मौके से अंचल अधिकारी को फोन कर तत्काल जांच और आपदा राहत उपलब्ध कराने का दिया निर्देश
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: पिछले हफ़्ते लगातार हो रही बारिश से नरदा पंचायत अंतर्गत लेडोकोचा गांव में कई परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। स्थिति की जानकारी मिलने पर पोटका विधायक संजीव सरदार गांव पहुंचे और बारिश से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक ने मौके पर घरों की स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
मौके से ही अंचल अधिकारी को किया फोन
प्रभावित परिवारों की स्थिति को देखते हुए विधायक संजीव सरदार ने मौके से ही पोटका की अंचल अधिकारी निकिता बाला को फोन किया। उन्होंने अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त घरों की जल्द से जल्द जांच कराई जाए तथा आपदा प्रबंधन विभाग के निर्धारित प्रावधानों और गाइडलाइन के अनुसार प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता एवं अन्य जरूरी राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए।
समस्या सुनकर सिर्फ आश्वासन नहीं, तत्काल कार्रवाई पर जोर
विधायक ने कहा कि बारिश और प्राकृतिक आपदा के कारण जिन परिवारों के घरों को नुकसान पहुंचा है, उनके सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। ऐसे समय में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ काम करते हुए प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से मामले में किसी तरह की देरी नहीं करने को कहा।
प्रभावित परिवारों को दिया भरोसा- हर संभव मदद मिलेगी
विधायक ने पावरा टुडू, दासो टुडू, दुर्गा मुर्मू, राजामुनी टुडू, सिंगु टुडू, सुपाई टुडू, सांगें हेम्ब्रोम और पुलमाल सोरेन समेत प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में आपके साथ खड़ा रहना हमारी जिम्मेदारी है। प्रशासन के स्तर से जो भी संभव सहायता होगी, उसे दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों के बीच पहुंचकर विधायक ने दिया भरोसे का संदेश
बारिश से घरों को हुए नुकसान के बीच विधायक के गांव पहुंचने और मौके से ही अधिकारी को फोन कर कार्रवाई का निर्देश देने से प्रभावित परिवारों में भरोसा बढ़ा। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सीधे विधायक के सामने रखीं। विधायक ने भी उन्हें भरोसा दिलाया कि मुश्किल चाहे कितनी भी बड़ी हो, जरूरत के समय वे और उनका प्रतिनिधित्व प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहेगा।
