ताजा खबरें

सिविल डिफेंस जमशेदपुर जिले में 500 स्वंय सेवकों को बहाल कर उनका प्रशिक्षण शुरू करेगा

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : सिविल डिफेंस नागरिकों की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और युद्ध या आपातकालीन स्थिति के समय सहायता करने वाली व्यवस्था है। भारत में सिविल डिफेंस की स्थापना 1962 में भारत-चीन युद्ध के बाद की गई। इसका मुख्य उद्देश्य जनता को आपात स्थितियों में बचाव, राहत और जागरूकता प्रदान करना है। आज की प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से धालभूम जमशेदपुर के एसडीओ ने संवाददाताओं को संबोधित किया।

सिविल डिफेंस भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा है संचालित

उन्होंने कहा कि सिविल डिफेंस भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित है। अपने स्थापना काल से ही जमशेदपुर में सिविल डिफेंस संचालित है। वर्तमान में सिविल डिफेंस झारखंड में चिन्हित 2 जिलों पूर्वी सिंहभूम एवं बोकारो में संचालित है। साथ ही 3 अन्य जिलों – रांची, गोड्‌डा एवं साहेबगंज में इसे मान्यता दी है, जिसे जल्द ही सुचारू रूप से चालू किया जाएगा। सिविल डिफेंस का मुख्य कार्य आक्रमण के समय देश की जनता और अपने आप को कैसे बचाया जाए और इसके लिए मॉक ड्रिल का आयोजन करना है।

उल्लेखनीय है कि आपदाएं या विपदाओं की स्थिति में पेशेवर कर्मियों की संख्या कम होने के कारण या समय से नहीं पहुंच पाने के कारण स्थिति भयावह हो जाती है। ऐसे समय में सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक अपने प्रशिक्षण का लाभ उठाते हुए नागरिकों एवं उनकी संपतियों को सुरक्षा प्रदान करने का कार्य करते है।

इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा सिविल डिफेंस में नए स्वयंसेवक बनाने का निर्णय लिया गया है। यह एक स्वैच्छिक सेवा है, स्वयंसेवक की जरूरत सिर्फ आपातकाल और विपरीत परिस्थितियों में ही होती है। इससे कोई भी जुड़ सकते हैं, जिसमें समाज के प्रति सेवा भावना हो, और सरकार को जब भी जरूरत हो तो वह उपलब्ध रहे। इसमें सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दिया जाएगा।

आवेदकों के लिए निर्धारित शर्तें 

आवेदन करने वालों के लिए कूछ शर्तें रखी गई है जैसे-

आवेदक को भारत का नागरिक होना चाहिए तथा पूर्वी सिंहभूम जिला, झारखंड का निवासी होना चाहिए ।

आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

आवेदक मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए। उसके खिलाफ किसी भी तरह का आपराधिक मामला दर्ज नहीं होनी चाहिए। आवेदक किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिला प्रशासन या नागरिक सुरक्षा के आवाहन पे अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हो। इसका प्रशिक्षण जल्द ही शुरू किया जा रहा है ।

आवेदक का पूर्वी सिंहभूम जिला का होना आवश्यक 

पूर्वी सिंहभूम जिला में निवास करने वाले इच्छुक व्यक्ति अपना नाम सिविल डिफेंस कार्यालय, बिस्टुपुर, जमशेदपुर में दे सकते हैं।किसी प्रकार की जानकारी के लिए मोबाइल संख्या : 08092394344 एवं 0657-2912259 संख्या से सूचना प्राप्त कर सकते हैं। प्रेसवार्ता में अरुण कुमार (चीफ़ वार्डन, सिविल डिफेंस ) और सुरेश प्रसाद (कार्यालय प्रभारी, सिविल डिफेंस) भी मौजूद थे।

Share This News