घोड़ा चौक पर पुलिस ने गांजा तस्कर को दबोचा, सूटकेस और बैग से 17.274 किलो गांजा बरामद
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: जुगसलाई थाना पुलिस ने आरपीएफ टाटानगर के सहयोग से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 17.274 किलोग्राम गांजा के साथ एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक नीले रंग का आईफोन भी बरामद किया है।
एसएसपी को मिली सूचना के बाद हुई कार्रवाई
शनिवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 25 सितंबर की देर रात वरीय पुलिस अधीक्षक को आरपीएफ टाटानगर के सहयोग से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक बैग और सूटकेस लेकर जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन तथा डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घोड़ा चौक के समीप घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। उसके पास एक काले रंग का सूटकेस और फिरोजी रंग का पिट्ठू बैग था। तलाशी लेने पर सूटकेस से भूरे रंग के प्लास्टिक में लिपटे गांजा के 14 पैकेट बरामद हुए, जबकि पिट्ठू बैग से तीन पैकेट मिले। सभी 17 पैकेटों का वजन करने पर कुल 17.274 किलोग्राम गांजा पाया गया।
गिरफ्तार आरोपी बिहार के आरा का
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के भोजपुर जिले के आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बारा गांव, पोस्ट खजुरिया निवासी 22 वर्षीय मनीष यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजा को विधिवत जब्त कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ जुगसलाई थाना कांड संख्या 79/2026, दिनांक 26 सितंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी)/29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। वहीं, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे जमशेदपुर में किसे पहुंचाया जाना था। पूछताछ और अनुसंधान के आधार पर पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
