ताजा खबरेंराजनीति

जुगसलाई का चुनावी दंगल: नौशीन खान और रिंकू सिंह के बीच काँटे की टक्कर

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर (रामकंडे मिश्रा की रिपोर्ट) : जुगसलाई नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए हुआ मतदान किसी ‘हाई-वोल्टेज ड्रामे’ से कम नहीं रहा। 60 फ़ीसदी % मतदान के साथ अब सबकी निगाहें 27 फरवरी पर टिकी हैं, जब यह साफ होगा कि जुगसलाई का ताज किसके सिर सजेगा।

वर्तमान स्थिति को देखते हुए मुकाबला मुख्य रूप से नौशीन खान (पत्नी हिदायतुल्ला खान) और रिंकू सिंह (पत्नी गुड्डू सिंह) के बीच सिमट गया है।

सियासी समीकरण, धार्मिक ध्रुवीकरण और रणनीतिक बढ़त का आकलन थोड़ा कठिन जरूर हो रहा है। लेकिन जुगसलाई के गली मोहल्ले में चर्चा है की हिदायत खान की पत्नी नौशीन खान मेयर पद का चुनाव जीत सकती हैं।

चुनाव में ध्रुवीकरण दिखा

इस चुनाव में स्पष्ट रूप से ‘ध्रुवीकरण’ का असर देखने को मिला है, जहाँ दोनों ही पक्ष अपने-अपने गढ़ बचाने में जुटे रहे।

मतदान से ठीक पहले की रात भाजपा नेताओं के साथ हुई बैठक के बाद बलवीर कौर (सरदार शैलेंद्र सिंह की पत्नी) का नाम वापस लेना भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह के लिए ‘गेम चेंजर’ साबित हो सकता है। सिख समुदाय का रुझान रिंकू सिंह की ओर मुड़ने से उनकी स्थिति मजबूत होती दिखी है।

मुस्लिम वोटों का एकीकरण

दूसरी तरफ, हिदायतुल्ला खान की पत्नी नौशीन खान को मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों—ईदगाह मैदान, पुरानी बस्ती रोड, गद्दी मोहल्ला और मिल्लत नगर—से एकतरफा और भारी समर्थन मिला है। यहाँ मतदाताओं ने एकजुट होकर नौशीन खान के पक्ष में मतदान किया है।

सस्पेंस बरकरार

जुगसलाई के 44,000 मतदाताओं ने अपना फैसला मतपेटियों में कैद कर दिया है। जहाँ एक तरफ भाजपा समर्थित रिंकू सिंह को हिंदू और सिख समाज के बड़े हिस्से के मतदाताओं से काफी उम्मीद है। वहीं नौशीन खान को अपने मजबूत बेस और ‘एकीकृत मतदान’ पर पूरा भरोसा है।

अब आगे देखना है कि क्या भाजपा का ‘प्लान बी’ और सिख वोटों का साथ रिंकू सिंह को जीत दिलाएगा, या नौशीन खान की मजबूत घेराबंदी विरोधियों को पस्त कर देगी? इसका फैसला 27 फरवरी को होगा।

Share This News