ताजा खबरें

पोटका विधायक संजीव सरदार डीसी से मिले, पोटका के शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी जमशेदपुर से हटाकर पोटका में लगाने की मांग

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर : पोटका विधायक संजीव सरदार ने पोटका प्रखंड के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की जनगणना ड्यूटी को लेकर पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त से मिल कर महत्वपूर्ण मांग उठाई है। विधायक ने कहा है कि स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से लगातार मिल रही शिकायतों के अनुसार पोटका प्रखंड के कई शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य हेतु जमशेदपुर क्षेत्र में लगा दी गई है, जिससे ग्रामीण विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। विधायक ने शिक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों की ड्यूटी पोटका प्रखंड में ही निर्धारित करने का आग्रह किया है।

कई विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को भी जमशेदपुर में जनगणना ड्यूटी मिली

विधायक ने कहा की कि पोटका प्रखंड के कई विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को भी जमशेदपुर में जनगणना ड्यूटी सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि इससे विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां बाधित होंगी और छात्रों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। विधायक ने प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था प्रभावित नहीं हो, इसके लिए स्थानीय शिक्षकों की ड्यूटी स्थानीय क्षेत्र में ही लगाई जानी चाहिए।

ग्रामीणों की भावना को प्रशासन तक पहुंचाया

संजीव सरदार ने कहा है कि इस विषय को लेकर ग्रामीणों, अभिभावकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि शिक्षकों को स्थानीय स्तर पर ही जनगणना कार्य में लगाया जाए तो शिक्षा व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी और जनगणना कार्य भी बेहतर तरीके से संपन्न हो सकेगा। विधायक ने उपायुक्त से मांग की है कि पोटका प्रखंड के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की ड्यूटी जमशेदपुर से हटाकर पोटका प्रखंड में ही निर्धारित की जाए, ताकि क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था सामान्य बनी रहे और जनआक्रोश भी शांत हो सके।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *