ताजा खबरें

गालूडीह में 11 किलो गांजा के साथ पुलिस ने तीन कारोबारियों को किया गिरफ्तार

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा लेकर मोटरसाइकिल से जा रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से गांजा के अलावा एक ग्लैमर मोटरसाइकिल भी जब्त किया गया है। ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने रविवार को बताया कि 15 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर कुछ लोग मोटरसाइकिल के जरिए गालूडीह होते हुए जमशेदपुर की ओर आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

निगरानी और घेराबंदी के बाद हुई गिरफ्तारी

इसके बाद पुलिस टीम ने गालूडीह बराज के समीप कैनाल रोड पर निगरानी और घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तीनों को गिरफ्तार कर लिया और इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल तथा हेलमेट भी जब्त कर लिया।

तीनों कारोबारी जमशेदपुर के

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश सिंह उम्र 43 वर्ष, श्याम नाथ राय उम्र 38 वर्ष और बाबुलाल यादव उम्र 50 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा के अवैध कारोबार से जुड़े कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी के पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है। पूछताछ के आधार पर गांजा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

इस मामले में गालूडीह थाना कांड संख्या 17/2026, 15 अगस्त 2026 को दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 111(4) बीएनएस तथा 20(b)(ii)(B), 22 और 29 एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में छापामारी कर रही है।

कार्रवाई में गालूडीह थाना के पुलिस पदाधिकारी अजय बागे, सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार, नुर मिंज समेत थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *