ताजा खबरें

नेचर संस्था द्वारा जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की छात्राओं हेतु विश्व पर्यावरण दिवस के मद्देनजर सीड बॉल निर्माण कार्यशाला आयोजित

श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: उच्च शिक्षा को व्यावहारिक अनुभवों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नेचर (Nature) संस्था एवं अनुग्रह नारायण सिंह शिक्षण एवं सेवा संस्थान, बागबेड़ा द्वारा संयुक्त रूप से जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की इतिहास एवं भूगोल विषय की छात्राओं के लिए विशेष इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अनुग्रह नारायण सिंह शिक्षण एवं सेवा संस्थान प्रांगण में प्रोफेसर के कमलेंदु , डॉ. विनीता परमार, डॉ. कविता परमार, सी. एस. पी. सिंह तथा संजय सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। यह इंटर्नशिप कार्यक्रम प्राध्यापक एवं जिला पार्षद डॉ. कविता परमार के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।

छात्राओं के लिए सीड बॉल निर्माण कार्यशाला का भी आयोजन

विश्व पर्यावरण दिवस के मद्देनजर उद्घाटन समारोह के साथ छात्राओं के लिए सीड बॉल (बीज गेंद) निर्माण कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। कार्यशाला में छात्राओं को स्थानीय वृक्ष प्रजातियों के बीजों, मिट्टी और जैविक खाद की सहायता से सीड बॉल तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें बताया गया कि वर्षा ऋतु के दौरान इन सीड बॉल्स को अनुपयोगी एवं खाली भूमि पर फेंककर हरित आवरण बढ़ाने तथा जैव विविधता संरक्षण में योगदान दिया जा सकता है। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सीड बॉल निर्माण में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का उद्देश्य

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को केवल पाठ्यपुस्तक आधारित अध्ययन तक सीमित न रखकर उन्हें क्षेत्रीय इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय प्रशासन, सामाजिक संरचनाओं तथा सतत विकास की अवधारणाओं से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना है।

Share This News