जमशेदपुर में 25 से अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन: 51 वर्षों के इतिहास में पहली बार झारखंड करेगा मेजबानी
श्री दर्पण न्यूज़, जमशेदपुर: अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (सत्र 2026-31) की प्रथम राष्ट्रीय प्रबंध कार्यसमिति एवं राष्ट्रीय कार्यसमिति की दो दिवसीय ऐतिहासिक बैठक 25 और 26 जुलाई को बिष्टुपुर स्थित होटल रमाडा में आयोजित की जाएगी। पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन की आतिथ्य में होने वाले इस आयोजन में देशभर के 11 से अधिक राज्यों के लगभग 160 से अधिक राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारी, प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं समाजसेवी शिरकत करेंगे।
झारखंड के नेतृत्व में पहली बार हो रही राष्ट्रीय बैठक
सम्मेलन के 51 वर्षों के इतिहास में यह पहला अवसर है जब झारखंड के नेतृत्व में राष्ट्रीय बैठक हो रही है। वर्तमान में रांची निवासी बसंत कुमार मित्तल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इसके अलावा युवा सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल (गोविंदपुर) और महिला सम्मेलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष वंदना टिबड़ेवाल (राउरकेला) के नेतृत्व में युवा व महिला प्रतिनिधि भी इस बैठक में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
दो दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा
25 जुलाई: दोपहर में जगन्नाथ महाप्रसाद के बाद सायं 4:00 बजे राष्ट्रीय प्रबंध कार्यसमिति की बैठक होगी। सायं 6:00 बजे नव-मनोनीत पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह, तत्पश्चात ग़ज़ल संध्या एवं स्नेह मिलन का आयोजन होगा।
26 जुलाई: प्रातः 8:00 बजे टाटानगर गौशाला स्थित श्री अग्रसेन ज्ञान मंदिर में माल्यार्पण एवं तुलादान किया जाएगा। इसके बाद दिनभर चलने वाली मुख्य कार्यसमिति बैठक में संगठन के विस्तार, सेवा परियोजनाओं और सामाजिक सरोकारों पर भावी रणनीति तैयार की जाएगी।
सफलता के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन
आयोजन की सफलता के लिए विभिन्न कमिटियों का गठन कर यातायात, आवास, मीडिया एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। प्रांतीय अध्यक्ष संदीप मुरारका एवं जिलाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’ आयोजन के मुख्य समन्वयक हैं।
